
देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।


गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज देहरादून पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं तथा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।



