
देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून आगमन पर प्रदेश महिला कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारे छोड़कर और अमित शाह का पुतला दहन कर महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों, प्रदेश में महिला सुरक्षा की स्थिति तथा अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
इस दौरान ज्योति रौतेला ने कहा कि देश और प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के शासन में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराधों की घटनाएं सरकार के दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। दुष्कर्म, छेड़छाड़, अपहरण, घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न की घटनाओं से समाज में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सरकार कब निभाएगी?
उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने की मांग आज भी प्रदेश की जनता कर रही है। इस मामले से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और किसी भी दोषी को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा सवाल है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। स्कूल-कॉलेज, कार्यस्थल, सार्वजनिक परिवहन और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। केवल घटना के बाद मुकदमा दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था और जवाबदेह प्रशासन जरूरी है।
उन्होंने सरकार से महिला हेल्पलाइन और आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाने, थानों में पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त, सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पीड़ित महिलाओं को कानूनी एवं मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में महिला अपराधों की नियमित समीक्षा होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश की आंतरिक सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार दोनों की जवाबदेही बनती है। सरकार को राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने से लेकर प्रदेश की प्रत्येक बेटी को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, उर्मिला थापा, पुष्पा पंवार, चंद्रकला नेगी, निधि नेगी, सुशीला शर्मा बेलवाल, अनीता सकलानी, पूनम सिंह, दीपा चौहान, अनुराधा ढींगरा, अनुराधा तिवाड़ी, बबीता सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।



