
श्रीनगर (गढ़वाल)। नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) के शिक्षकों के लिए हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, डिजिटल तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा दक्षता आधारित शिक्षण से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित तकनीकी सत्रों में प्रतिभागी शिक्षकों ने आईसीटी आधारित पाठ योजनाओं एवं अनुभवात्मक अधिगम गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया। विशेषज्ञों ने डिजिटल संसाधनों, एआई, तकनीक आधारित मूल्यांकन तथा विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं PhET, खान अकादमी, GeoGebra, एनसीईआरटी और एनपीटीईएल जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्मों के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा की गई। शिक्षकों ने विज्ञान प्रयोग, पर्यावरण संरक्षण, भूमिका-अभिनय और मानवीय मूल्यों पर आधारित गतिविधियों के माध्यम से ‘करके सीखने’ की अवधारणा को प्रस्तुत किया।
क्षमता संवर्धन कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग स्थित संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। प्रो. फरस्वाण ने प्राचीन पुरावशेषों, मूर्तियों, पांडुलिपियों एवं हिमालयी सांस्कृतिक विरासत की जानकारी देते हुए उनकी ऐतिहासिक महत्ता से अवगत कराया। इस भ्रमण ने शिक्षकों को भारतीय इतिहास और संस्कृति को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्रदान किया।

अंतिम दिवस आयोजित सत्रों में राष्ट्रीय शिक्षक व्यावसायिक मानक (एनपीएसटी), राष्ट्रीय मेंटरिंग मिशन (एनएमएम), स्व-निर्देशित अधिगम, कार्यात्मक अनुसंधान तथा सतत व्यावसायिक विकास (सीपीडी) जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए। प्रो. सीमा धवन, डॉ. नीतू शर्मा, डॉ. पुनीत वालिया, डॉ. देवेंद्र सिंह और डॉ. आशु रौलेट ने शिक्षकों को आत्ममूल्यांकन, नवाचार और सहयोगात्मक शिक्षण के माध्यम से अपनी दक्षताओं को लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
समापन समारोह में डॉ. शंकर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया जबकि डॉ. कविता भट्ट ने कार्यक्रम का संचालन किया। अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. एम.एम. सेमवाल ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और बदलते शैक्षिक परिवेश में उनका निरंतर सीखना तथा आधुनिक शिक्षण तकनीकों को अपनाना समय की आवश्यकता है।
मुख्य अतिथि प्रो. दीपक कुमार ने कक्षाओं को अधिक संवादात्मक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए तकनीक के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। प्रो. ए.के. नौटियाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक मूल्यों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। वहीं प्रो. आर.एस. नेगी ने विद्यालयों और विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक सहयोग को शिक्षा में नवाचार का सशक्त माध्यम बताया।
कार्यक्रम की समन्वयक प्रो. सीमा धवन ने चार दिवसीय प्रशिक्षण की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षताओं को सशक्त बनाकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विशेषज्ञों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार भी व्यक्त किया।

समारोह में डॉ. आलोक सागर गौतम, डॉ. सुमनलता तिरुवा, डॉ. सपना सेन, डॉ. अनित कौर, डॉ. रीना आर्य, राम कुमार, सूरज सिंह, विपिन सिंह, स्नेहलता, प्रेरणा बहुगुणा और नमिता सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा नवोदय विद्यालय समिति के प्रतिभागी शिक्षक उपस्थित रहे।
चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ने शिक्षकों को आधुनिक तकनीक, अनुभवात्मक अधिगम और नवाचार आधारित शिक्षण के नए आयामों से परिचित कराते हुए उनके सतत व्यावसायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित किया।



