
देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से शुक्रवार को लोक भवन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संगठन का राजकीय स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया और फ्लैग स्टीकर लगाया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संगठन की विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रमों और भावी योजनाओं की जानकारी भी दी।
उल्लेखनीय है कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स 7 नवंबर को अपना 75वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल ने संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स बच्चों और युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता तथा देशभक्ति की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस संगठन के माध्यम से बच्चों को सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक बनाया जाता है। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
राज्यपाल ने विद्यालयों में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशिक्षित स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों की ओर से किए जा रहे सेवा और सहयोग कार्यों की सराहना भी की।
इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स उत्तराखंड की स्टेट अपर मुख्य आयुक्त वंदना गर्ब्याल, स्टेट सेक्रेटरी रविन्द्र मोहन काला, जगदीश प्रसाद काला, अंजली चंदोला, अरुण राय, राहुल प्रसाद रतूड़ी, ईशा ठाकुर एवं योगना सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


