
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तैनात 60 उपनल सफाई कर्मचारी समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। शनिवार सुबह से कर्मचारी काम पर नहीं पहुंचे, जिससे आईपीडी बिल्डिंग में सफाई व्यवस्था काफी प्रभावित हुई।
कर्मचारियों का आरोप है कि अस्पताल के अन्य विभागों में कार्यरत उपनल कर्मचारियों को समान वेतन का लाभ दिया जा रहा है, लेकिन सफाई कर्मचारियों की मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। वर्तमान में उन्हें प्रतिमाह केवल 10 से 12 हजार रुपये वेतन मिल रहा है।
कर्मचारियों के अनुसार, पहले प्राचार्या के साथ हुई बैठक में मांग पूरी करने का आश्वासन दिया गया था, परंतु कई महीने बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे नाराज कर्मचारियों ने हड़ताल का फैसला लिया।
मामले की जानकारी मिलने पर प्राचार्या डा. गीता जैन स्वयं मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों से वार्ता कर उन्हें काम पर लौटने के लिए समझाने का प्रयास किया। हालांकि, कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक समान वेतन पर ठोस निर्णय नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।




