
देहरादून । उत्तराखंड में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी 10 से 30 नवंबर तक प्रदेशभर में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। अभियान के माध्यम से कांग्रेस जनता के बीच सरकार को घेरने के साथ ही भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाएगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में 10 से 15 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला, ब्लाक एवं नगर मुख्यालयों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत के खिलाफ लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आम जनता से हस्ताक्षर कराए जाएंगे। अभियान के तहत निर्धारित पम्पलेट के अलावा 6×15 फीट के बैनर पर भी हस्ताक्षर एकत्र किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी जिला एवं ब्लाक कांग्रेस इकाइयों को हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पम्पलेट 20 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के अगले चरण में 23 नवंबर को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय से लोकभवन तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान प्रदेशभर से एकत्रित हस्ताक्षरयुक्त बैनर एवं पम्पलेट राज्यपाल को सौंपकर मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के खिलाफ लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की जाएगी।
डॉ. प्रतिमा सिंह के अनुसार, अभियान के अंतिम चरण में 25 से 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला एवं महानगर मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सांकेतिक अदालतें आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा सरकार पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों, सत्ता के कथित दुरुपयोग और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने रखा जाएगा।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला एवं विधानसभा प्रभारियों को संबंधित क्षेत्रों में कार्यक्रमों का संयोजक नियुक्त किया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला, महानगर, ब्लाक एवं नगर इकाइयों के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार को लेकर उठ रहे सवालों पर कांग्रेस जनता की आवाज बुलंद करेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए सड़क से सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।


