
लोहाघाट (चम्पावत)। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊँ यूनिट और थाना लोहाघाट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चम्पावत जनपद के लोहाघाट क्षेत्र से लगभग ₹25 लाख कीमत की 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। इस मामले में एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सुरेश सिंह तिसल्ला पुत्र दान सिंह तिसल्ला, निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर, जनपद चम्पावत, लोहाघाट क्षेत्र से चरस एकत्रित कर उत्तर प्रदेश के बरेली में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में था।
STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊँ यूनिट द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी सूचनाओं के आधार पर थाना लोहाघाट पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹25 लाख बताया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, STF ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है। चरस की आपूर्ति के स्रोत, क्रय-विक्रय में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा अभियुक्त के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
STF ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस को दें, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर समय रहते प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और नशा मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को मजबूती मिल सके।



