
आयात पर निर्भरता कम करने और स्वदेशी रक्षा तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में अहम उपलब्धि · ओएफडी में 21 साइटों का फ्लैग ऑफ, भविष्य में हजारों साइटों के उत्पादन का लक्ष्य
देहरादून । देश के रक्षा उत्पादन को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयासों को देहरादून में नई गति मिली है। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल) की देहरादून स्थित आयुध निर्माणी (ओएफडी) में सीएम3 एमआर साइट का उत्पादन शुरू होने के साथ ही इसकी पहली खेप बुधवार को रवाना की गई। इस अवसर पर आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में 21 साइटों को भेजा गया। इसे रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी विनिर्माण क्षमता मजबूत करने और विदेशी आयात पर निर्भरता घटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
समारोह में इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि कंपनी के लिए केवल एक नए उत्पाद के निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि देश के रक्षा औद्योगिक क्षेत्र में अपनी तकनीकी क्षमता और विश्वसनीयता स्थापित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आधुनिक रक्षा क्षेत्र में उन्नत तकनीक, सहयोग और रणनीतिक साझेदारी की अहम भूमिका है। फ्रांस की कंपनी सैफरन (Safran) के साथ पिछले वर्ष हुआ समझौता इसी दिशा में आगे बढ़ने का आधार बना है। पूर्व नेतृत्व की दूरदृष्टि और वर्ष 2021-22 से शुरू किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप सेना को आधुनिक एवं उन्नत उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में काम लगातार आगे बढ़ रहा है।

गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति पर जोर
शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने उत्पादन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी रक्षा उत्पाद की सफलता उसकी गुणवत्ता, विश्वसनीयता और तय समय पर आपूर्ति से तय होती है। कर्मचारियों को उत्पाद की गुणवत्ता के उच्च मानक बनाए रखने के साथ लगातार नई तकनीक सीखने और उत्पादन प्रक्रिया में सुधार पर ध्यान देना होगा। ओएफडी में नई इमारतों और व्यवस्थागत सुधारों से आने वाले समय में उत्पादन क्षमता को और विस्तार मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि एलएंडटी और सैफरन जैसी कंपनियों के साथ तकनीकी साझेदारी का उद्देश्य देश में विशिष्ट रक्षा तकनीकों का विकास और निर्माण करना है, ताकि आयात पर निर्भरता कम हो तथा भारतीय रक्षा उद्योग अधिक सक्षम बन सके।
के-9 वज्र परियोजना में आईओएल की बढ़ती भूमिका
इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की रक्षा परियोजनाओं में बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में चंडीगढ़ से के-9 वज्र कार्यक्रम के लिए इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम (आईएनएस) की पहली खेप रवाना की गई थी। अब देहरादून इकाई से सीएम3 एमआर साइटों का पहला बैच भेजा गया है। दोनों उपलब्धियां कंपनी की इस महत्वपूर्ण रक्षा परियोजना में बढ़ती भूमिका को रेखांकित करती हैं।
उन्होंने बताया कि आईएनएस की आपूर्ति के बाद एक प्रतिष्ठित रक्षा निर्माता ने कंपनी को पत्र भेजकर सप्लाई चेन प्रबंधन और ग्राहक संतुष्टि के मूल्यांकन में सर्वोच्च स्तर पर रखा है। उन्होंने कहा कि कंपनी को भारतीय सशस्त्र बलों और अपने सभी ग्राहकों के बीच भी इसी स्तर का विश्वास कायम करना होगा। इसके लिए पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ नए, विशिष्ट और आधुनिक तकनीक से जुड़े उपकरणों के निर्माण पर जोर देना जरूरी है।

हजारों साइटों के निर्माण की उम्मीद
कार्यक्रम के दौरान भविष्य की उत्पादन योजनाओं पर भी चर्चा हुई। शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और बेहतर उत्पादन व्यवस्था के बूते आने वाले समय में देहरादून इकाई हजारों साइटों का निर्माण करने में सक्षम होगी। इससे रक्षा जरूरतों की पूर्ति में योगदान बढ़ने के साथ कर्मचारियों को नए कार्य अवसर और तकनीकी कौशल विकसित करने का मौका मिलेगा।
आयुध निर्माणी के मुख्य महाप्रबंधक सीएस ठाकुर ने इस उपलब्धि को इकाई के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि पूरी टीम ने मेहनत और समर्पण से उत्पाद को लक्ष्य तक पहुंचाया है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को बधाई दी। अपर महाप्रबंधक राधव गुप्ता ने उत्पाद की विशेषताओं और उत्पादन को निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचाने की प्रक्रिया की जानकारी साझा की।
समारोह में आईओएल के निदेशक (संचालन) शम्भू शर्मा, निदेशक (वित्त) विशाल गर्ग, कंट्रोलर अनुज गर्ग, मुख्य महाप्रबंधक ओएलएफ तरुण खट्टर, आयुध निर्माणी के अधिकारी तथा विभिन्न यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




