
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर न्याय की मांग तेज हो गई है। पूर्व राज्य मंत्री विनोद आर्य की हालिया प्रेस वार्ता के बाद मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है। इसी के विरोध में अंकिता भंडारी के माता-पिता राजधानी देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी धरनास्थल पहुंचकर परिवार को समर्थन दिया।
धरने के दौरान अंकिता के माता-पिता ने अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग उठाते हुए मामले में कथित वीआईपी की पहचान सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की ओर से प्रेस वार्ता में ऑनलाइन चैट सार्वजनिक किए जाने पर आपत्ति जताई और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या के करीब चार साल बाद उसके चरित्र पर सवाल उठाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने राज्य सरकार से सवाल किया कि विनोद आर्य को अंकिता की कथित ऑनलाइन चैट कहां से और किस माध्यम से मिली। उन्होंने इस पूरे प्रकरण में सरकार की भूमिका और जवाबदेही पर भी सवाल उठाए।
इस दौरान परी फाउंडेशन की अध्यक्ष योगिता भयाना भी अंकिता के माता-पिता के समर्थन में मौजूद रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विनोद आर्य ने प्रेस वार्ता के दौरान न्यायालय की कार्यवाही से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया, जो कानून के लिहाज से गंभीर मामला है। योगिता भयाना ने कहा कि इस संबंध में कार्रवाई की मांग को लेकर पिछले चार-पांच दिनों से लगातार पुलिस थानों और कार्यालयों के चक्कर लगाए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
अंकिता के माता-पिता धरने के माध्यम से अपनी बेटी के लिए न्याय और मामले से जुड़े सवालों के जवाब मिलने की मांग कर रहे हैं।



