
हरीश रावत ने दो किस्तें एक साथ देने की मांग की, गणेश गोदियाल बोले – 24 लाख महिलाओं में से महज पांच लाख को लाभ क्यों?
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए घोषित ‘बैंणी-भुली’ सहायता राशि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने योजना की पात्रता, भुगतान प्रक्रिया और सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे चुनावी लाभ लेने की कोशिश करार दिया। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि पांच साल तक महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए और अब चुनाव नजदीक आते ही आर्थिक सहायता की घोषणा की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में 58 लाख से अधिक महिलाओं के बीच केवल पांच से सवा पांच लाख महिलाओं को सहायता देने की बात की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कुछ महिलाओं को ‘बैंणी-भुली’ मानकर सहायता दी जा रही है, तो बाकी महिलाएं, जिनमें चाची, अम्मा, दादी, नानी, भाभी और अन्य रिश्तेदार शामिल हैं, उनके लिए सरकार के पास क्या प्रावधान है? उन्होंने महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि आम महिलाएं बढ़ती कीमतों से जूझ रही हैं और सरकार चुनाव के वक्त उन्हें याद कर रही है।
रावत ने सरकार से सहायता की दोनों किस्तें एक साथ देने की मांग की। उन्होंने दूसरी किस्त अगली सरकार पर छोड़ने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि लाभार्थियों को भुगतान की गारंटी मिलनी चाहिए। उन्होंने अन्य राज्यों में चुनाव के दौरान वितरित सहायता राशि की बाद में वसूली किए जाने संबंधी मामलों का हवाला देते हुए आशंका जताई कि उत्तराखंड में भी कहीं लाभार्थियों से रकम वापस न मांगी जाए। उन्होंने ‘बैंणी-भुली’ को नियमित योजना के बजाय सहायता राशि बताते हुए कहा कि कांग्रेस महिलाओं के लिए ‘कुड़ी-बाड़ी प्रोत्साहन राशि’ अथवा ‘कुड़ी-बाड़ी पेंशन योजना’ लाने पर विचार कर रही है, जिसके तहत खेती और घर-परिवार संभालने वाली महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता लेना महिलाओं का अधिकार है, लेकिन उनका वोट कोई नहीं खरीद सकता।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी सरकार की घोषणा को चुनावी समय में महिलाओं को लुभाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में 18 वर्ष से अधिक आयु की करीब 24 लाख महिलाएं हैं, जबकि जनधन योजना के तहत लगभग 19.74 लाख महिलाओं के खाते खोले गए हैं। इसके बावजूद सरकार करीब पांच लाख 13 हजार महिलाओं को ही सहायता देने की बात कर रही है। उन्होंने पूछा कि बाकी महिलाओं को इस दायरे से बाहर क्यों रखा गया?
गोदियाल ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये तथा चुनाव के बाद दूसरी किस्त देने की घोषणा की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पूरे कार्यकाल में महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए। पर्वतीय क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को उपचार के लिए डंडी-कंडी के सहारे सड़क तक पहुंचाने की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार की महिला हितैषी दावों पर सवाल उठाए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महिला सम्मान निधि शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से महिलाओं को नियमित मासिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति केवल चुनाव के समय याद आने वाला वोट बैंक नहीं, बल्कि अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य को लेकर जवाब मांगने वाली शक्ति है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल में चमोली के पीपलकोटी में ‘बैंणी-भुली’ सहायता की घोषणा की थी। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी और स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ी पांच लाख से अधिक महिलाओं को दो किस्तों में कुल 20 हजार रुपये देने का प्रस्ताव है। पहली किस्त 10 हजार रुपये दिसंबर 2026 में सीधे खातों में भेजे जाने तथा दूसरी किस्त सरकार गठन के बाद दिए जाने की बात कही गई है। योजना से राज्य सरकार पर करीब 525 करोड़ रुपये का वित्तीय भार आने का अनुमान है।
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार से जवाब मांगते हुए महिलाओं के लिए नियमित आर्थिक सहायता और व्यापक लाभार्थी दायरे की मांग तेज कर दी है।



