
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता से काम करने की दी नसीहत, राजस्व मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल पद और अधिकार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। अधिकारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह सफलता प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो सरकारी सेवाओं में अपना भविष्य बनाने के लिए मेहनत कर रही हैं। उन्होंने इस उपलब्धि में अभ्यर्थियों के माता-पिता और गुरुजनों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की अहम कड़ी हैं और उनके फैसलों का सीधा असर आम लोगों की जमीन, आजीविका और अधिकारों पर पड़ता है। नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का सावधानीपूर्वक एवं निर्धारित समय में निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि परिवार की आजीविका और भविष्य का आधार होती है। इसलिए प्रत्येक मामले में मानवीय संवेदनशीलता और संबंधित परिवार की परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसीलों में आने वाले लोगों की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनें और उन्हें आवश्यक दस्तावेजों तथा प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि आमजन को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही। आपदा के दौरान क्षति का सही आकलन कर प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने में भी राजस्व अधिकारियों की भूमिका अहम होगी।
धामी ने भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकारी किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। बिना सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज काम को भी पूरी तत्परता से करना ही निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि हर नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं, इसलिए अधिकारी अपने पद की गरिमा बनाए रखें और जनता का विश्वास अर्जित करें।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि राजस्व प्रशासन जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी सेवा में आने के उद्देश्य को सार्थक करते हुए आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर सचिव राजस्व एसएन पांडेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



