
यूनियन मान्यता की मांग को लेकर आंदोलनरत श्रमिकों पर लाठीचार्ज की सीटू ने की निंदा, श्रम विभाग को आंदोलन की चेतावनी
देहरादून। निर्माणाधीन लखवाड़-ब्यासी जलविद्युत परियोजना में यूनियन मान्यता की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे श्रमिकों पर पुलिस लाठीचार्ज और दमनात्मक कार्रवाई के खिलाफ सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) ने कड़ा विरोध जताया है। सीटू के जिला महामंत्री लेखराज ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे धामी सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों का परिणाम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रमिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाकर आंदोलन कुचलने का प्रयास किया जा रहा है।
लेखराज ने कहा कि सीटू से संबद्ध संविदा श्रमिक संघ उत्तरांचल प्रांतीय आंचल वर्ष 2023 से परियोजना में श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्षरत है। श्रमिकों को संगठित कर उनके शोषण के खिलाफ आवाज उठाने और यूनियन को मान्यता दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन परियोजना में कार्यरत संविदाकार एलएंडटी कंपनी यूनियन को मान्यता देने से लगातार बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी की इस हठधर्मिता के चलते श्रमिकों का शोषण जारी है और उनके अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि श्रमिकों को उनके अधिकार दिलाने के लिए विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि श्रम विभाग श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाता है तो सीटू श्रम विभाग के खिलाफ आंदोलनात्मक कार्रवाई करने को बाध्य होगा।
लेखराज ने पुलिस कार्रवाई को कंपनी को लाभ पहुंचाने वाला कदम बताते हुए कहा कि इससे धामी सरकार का मजदूर विरोधी चेहरा उजागर हुआ है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा और मजदूर वर्ग सरकार के खिलाफ लामबंद होकर उसे सत्ता से बाहर करने का काम करेगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनी अपनी हठधर्मिता छोड़कर श्रमिकों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो मजदूर वर्ग व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। साथ ही, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) को प्रधान नियोजक बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि यूनियन को मान्यता नहीं दी गई तो श्रमिक अन्य स्थानों पर भी हड़ताल कर यूजेवीएनएल के कार्यों को ठप करने के लिए बाध्य होंगे। सीटू ने मांग की कि श्रमिकों की जायज मांगों को स्वीकार करते हुए यूनियन को मान्यता प्रदान की जाए।



