
शीतकालीन एवं ग्रीष्मकालीन अवकाश का वेतन, ईपीएफ-ईएसआई सुविधा की भी उठाई मांग
विकासनगर । जन संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में तहसील घेराव कर गेस्ट टीचरों का मानदेय बढ़ाने और शीतकालीन एवं ग्रीष्मकालीन अवकाशों का वेतन दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी विकासनगर की गैरमौजूदगी में नाजिर श्री बिजल्वाण को सौंपा।
मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश भर के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत लगभग 5000 अतिथि शिक्षकों का भविष्य शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की उदासीनता के कारण अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन अतिथि शिक्षकों को मात्र 25 हजार रुपए मानदेय दिया जा रहा है, जो नाकाफी है। इसके साथ ही इन्हें ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाशों का वेतन भी नहीं मिलता। मूलभूत सुविधाओं के नाम पर इन कार्मिकों को न ईपीएफ की सुविधा मिलती है और न ही ईएसआई की।
नेगी ने आरोप लगाया कि विभागीय मंत्री द्वारा रस्म अदायगी के लिए शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन आज तक उस पर अमल नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि 25 हजार रुपए में ये अतिथि शिक्षक अपने घरों से 200 से 400 किलोमीटर और इससे अधिक दूर अति दुर्गम इलाकों में सेवाएं दे रहे हैं, जिसमें सारा खर्च मकान किराया और खाने-पीने में ही हो जाता है। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल है। उन्होंने मांग की कि अतिथि शिक्षकों का मानदेय कम से कम 40 हजार रुपए किया जाए और उन्हें अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएं।
घेराव एवं प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, मुजीबुर रहमान सलीम, अमित जैन, हाजी असद, गुप्ता, अशोक चंडोक, प्रवीण शर्मा पिन्नी, महेंद्र सिंघल, आशीष सिंह, चेतन रावत, वाहिद कुरेशी, अजीत चौधरी, अकरम सलमानी, अनंत चंद, मान चंद राणा, रहबर अली, ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट, अशोक गुप्ता, विनय गुप्ता, विनोद जैन, देव सिंह चौधरी, आशीष चौधरी, बिल्लू गिल्बर्ट, निशा खातून, मनोज राय, गयूर, सुरजीत सिंह, समीम, मनीष नेगी, चौ. मामराज, समून, शेर सिंह चौधरी, श्रवण गर्ग, क्रिस्टीना, राघव भल्ला, जसकीरत सिंह, अंकुर चौरसिया, जयपाल सिंह, सलीम मिर्जा, शेर सिंह, सुनील कुमार आदि मौजूद थे।




