
पीड़ित परिवार को दी गई राहत राशि अपराध की माफी नहीं, भाजपा स्पष्ट करे कि क्या मुआवजा VIP को बचाने की शर्त पर दिया गया था?
सरकारी खजाने से दी गई सहायता को एहसान बताकर पीड़ित परिवार की आवाज दबाने की कोशिश कर रही भाजपा : धस्माना
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर लैंसडौन के भाजपा विधायक दिलीप रावत के बयान पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने विधायक के बयान को पीड़ित परिवार के जख्मों पर नमक छिड़कने वाला बताते हुए इसे भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक करार दिया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को सरकार की ओर से दी गई राहत राशि का हवाला देकर इस जघन्य अपराध से जुड़े सवालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
वीरवार को जारी बयान में सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा से सीधा सवाल करते हुए कहा कि पार्टी स्पष्ट करे कि क्या अंकिता भंडारी के परिवार को मुआवजा राशि इस शर्त पर दी गई थी कि वे प्रकरण में कथित VIP की भूमिका के खुलासे की मांग नहीं करेंगे? क्या पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का अर्थ यह है कि वह न्याय की मांग करना छोड़ दे और मामले से जुड़े अनसुलझे सवालों पर चुप्पी साध ले?
धस्माना ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को दी गई सहायता राशि किसी राजनीतिक दल की निजी संपत्ति से नहीं दी गई है, बल्कि यह सरकारी खजाने से प्रदान की गई है। सरकारी खजाने में जमा धनराशि जनता की मेहनत और खून-पसीने की कमाई है। इसलिए किसी भी सरकार द्वारा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देना कोई एहसान नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में सरकार की जिम्मेदारी है। राहत राशि को आधार बनाकर परिवार की न्याय की मांग पर सवाल उठाना असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा बार-बार किसी न किसी बहाने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों और कथित VIP की भूमिका को लेकर उठ रही मांगों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रदेश की जनता आज भी जानना चाहती है कि अंकिता की हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई क्या है और जिस VIP का जिक्र लगातार सार्वजनिक चर्चाओं तथा राजनीतिक बयानों में होता रहा है, उसकी भूमिका की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी केवल एक बेटी नहीं थी, बल्कि उत्तराखंड की असंख्य बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ा सवाल बन चुकी है। ऐसे संवेदनशील मामले में जिम्मेदार पदों पर बैठे जनप्रतिनिधियों को बयान देते समय पीड़ित परिवार की भावनाओं और समाज की संवेदनशीलता का ध्यान रखना चाहिए। परिवार को मिली आर्थिक सहायता का उल्लेख कर उसे न्याय की मांग से जोड़ना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
धस्माना ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग तब तक जारी रहेगी, जब तक इस प्रकरण से जुड़े सभी सवालों का निष्पक्ष तरीके से जवाब नहीं मिलता और दोषियों को कानून के अनुसार सजा नहीं मिलती। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप बैठने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में लौटने पर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े अनसुलझे पहलुओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराते हुए वास्तविक दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने और उन्हें सजा दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने भाजपा से मांग की कि वह बयानबाजी के बजाय प्रदेश की जनता के सामने इन सवालों का स्पष्ट जवाब दे और अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित करे।


