
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाई, उद्घाटन कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी; कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन वरिष्ठ कांग्रेस नेता, चकराता विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में शिरकत कर चुनाव को लेकर एकजुटता दिखाई।
कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर प्रीतम सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के मंत्रियों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ रहे हैं। साथ ही कहा कि भाजपा को आगामी चुनाव में अपनी स्थिति कमजोर होने का अंदेशा है, इसलिए महिलाओं को 10 हजार रुपये देने जैसी घोषणाओं के जरिए उन्हें प्रलोभन देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने महिला अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा।

प्रीतम सिंह ने वैभव वालिया की सराहना करते हुए उन्हें ऊर्जावान, कर्मठ और संगठन के प्रति समर्पित युवा नेता बताया। उन्होंने कहा कि वैभव ने मेहनत, लगन और प्रभावी संवाद के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनका मिलनसार व्यवहार, सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता और पार्टी के प्रति निष्ठा उन्हें अलग पहचान देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वैभव क्षेत्र में जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर कांग्रेस संगठन को मजबूती देंगे। प्रीतम सिंह ने कहा कि चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम होता है। ऐसे में सभी कांग्रेसजनों को एकजुट होकर जनता के बीच जाना होगा और स्थानीय समस्याओं को मजबूती से उठाना होगा।
वहीं वैभव वालिया ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा उनके लिए केवल राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि जनता से जुड़ने, उनकी समस्याओं को समझने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने का माध्यम है। चुनावी कार्यालय का शुभारंभ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में क्षेत्र की जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी आवाज उठाने का संकल्प जताया। वैभव ने कहा कि युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और समाज के प्रत्येक वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने प्रीतम सिंह का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन और विश्वास हमेशा प्रेरणा देता रहा है।

कार्यक्रम में रामकुमार वालिया, कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, उत्तराखंड युवा कांग्रेस प्रभारी सुरभि द्विवेदी, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक नानक चंद, राव नसीम, मनमोहन शर्मा, पीयूष गौड़, सुलेमान अंसारी, अनूप कपूर, अमन सिंह, बबलू पंवार, ललित बद्री, मुकीम अहमद, आयुष सेमवाल, रामकिशन यादव, कांति वल्लभ भट्ट, रामबाबू, जमाल, तौकीफ, सूरत सिंह लांबा, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, श्याम सिंह बिष्ट, नरेश सकलानी, दलबीर बर्थवाल, अमन प्रजापति और हेमंत उप्रेती सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार आसिफ हुसैन, आफताब, देवेश, विनोद मितौल, उमेश सिंह, विलियम महर्षि, जयपाल जस्टिन, प्रकाश मणि, महताब राव और सुहैब खान सहित कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव की तैयारियों और संगठन को सक्रिय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




