
जांच में ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि, उपनल को कार्रवाई के लिए भेजा गया प्रकरण
देहरादून। बिजली उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार, अनुचित दबाव बनाने और धमकी देने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने सख्त कार्रवाई की है। विद्युत वितरण खंड (उत्तर), देहरादून में उपनल के माध्यम से कार्यरत मीटर रीडर राजेन्द्र सिंह रावत के खिलाफ मिली शिकायतों की विभागीय जांच के बाद उन्हें विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर उपनल को वापस भेज दिया गया है।
विभाग को संबंधित कर्मचारी के व्यवहार को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों के आधार पर ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा अधिशासी अभियंता स्तर पर गठित जांच समितियों ने भी मामले की पड़ताल की। जांच में उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और अनुचित आचरण से जुड़े आरोपों की पुष्टि होने के बाद संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) को भेजते हुए संबंधित मीटर रीडर को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर वापस किए जाने की सूचना दी गई है।
उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, अभद्रता, अनावश्यक दबाव बनाने अथवा किसी भी तरह का अनुचित आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायतों पर निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले कार्मिकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने बिजली उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि यदि कोई कर्मचारी अभद्र व्यवहार करता है या अवैध धनराशि की मांग करता है तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता अथवा विभाग के उच्चाधिकारियों से करें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



