
विकासनगर से देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार होते हुए धनौरी पहुंचेगी यात्रा, विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री धामी सहित कई नेता होंगे शामिल
देहरादून। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही अखिल भारतीय समरसता यात्रा सोमवार, 24 नवंबर को उत्तराखंड पहुंचेगी। यात्रा का विकासनगर के कुल्हाल गेट पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा विभिन्न स्थानों से होते हुए रुड़की के धनौरी पहुंचेगी, जहां विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि समरसता यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने के साथ संत रविदास के विचारों और आदर्शों के प्रति लोगों को जागरूक करेगी।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड पहुंचने पर यात्रा का कुल्हाल गेट, विकासनगर में स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, झाझरा, प्रेमनगर, देहरादून, माजरी ग्रांट, हर्रावाला, नेपाली फार्म, ऋषिकेश और हरिद्वार होते हुए रुड़की के धनौरी पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
धनौरी में आयोजित विशाल जनसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित प्रदेश के मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
बलवीर घुनियाल ने प्रदेशवासियों से समरसता यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत करने की अपील करते हुए कहा कि संत रविदास महाराज का संदेश समाज में समानता, प्रेम, भाईचारे और मानव कल्याण की भावना को मजबूत करने वाला है। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और समरसता के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने लोगों से संत रविदास के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह-संयोजक कुलदीप रावत, समरसता यात्रा के प्रदेश सह-संयोजक सीताराम भट्ट, प्रदेश मोर्चा कार्यालय प्रभारी दयाराम तथा जिला प्रभारी रुद्रप्रयाग एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित मोहन उपस्थित रहे।




