
कांग्रेस सरकार को पूरी धनराशि लौटाने को तैयार, अंकिता के परिवार को न्याय मांगने से रोकने की मंशा पर उठाए सवाल
देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण में लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अंकिता भंडारी के माता-पिता को दी गई आर्थिक सहायता क्या उनकी आवाज दबाने और न्याय की मांग से पीछे हटाने की कीमत थी? गोदियाल ने कहा कि भाजपा नेताओं के बयानों से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सरकार से आर्थिक सहायता मिलने के बाद अंकिता के माता-पिता को चुप रहना चाहिए था और अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग नहीं करनी चाहिए।
गोदियाल ने कहा कि अंकिता के माता-पिता आज भी अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सरकार से सवाल पूछ रहे हैं, लेकिन भाजपा नेताओं को उनका यह संघर्ष रास नहीं आ रहा है। उन्होंने विधायक दिलीप रावत से कहा कि पहले वह स्पष्ट करें कि भाजपा सरकार ने अंकिता के परिवार को कुल कितनी आर्थिक सहायता दी थी। कांग्रेस पार्टी उक्त पूरी धनराशि सरकार को वापस लौटाने के लिए तैयार है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा यह गारंटी दे सकती है कि सहायता वापस होने के बाद अंकिता के माता-पिता को न्याय की मांग करने से नहीं रोका जाएगा? क्या आर्थिक सहायता किसी परिवार के न्याय मांगने के अधिकार को समाप्त कर सकती है?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अंकिता भंडारी का मामला केवल आर्थिक सहायता या मुआवजे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बेटी की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा सवाल है। माता-पिता का अपनी बेटी के लिए न्याय मांगना उनका संवैधानिक और नैतिक अधिकार है। भाजपा को इस अधिकार पर सवाल उठाने के बजाय प्रकरण से जुड़े उन सवालों का जवाब देना चाहिए, जो आज भी प्रदेश की जनता के मन में हैं।
दिलीप रावत के धारी देवी की कसम और चरित्र प्रमाण पत्र संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए गोदियाल ने कहा कि वह न तो चरित्र प्रमाण पत्र बांटने का कार्यालय चलाते हैं और न ही किसी को धारी देवी की कसम खिलाकर चरित्रवान घोषित करने के लिए अधिकृत हैं। उन्होंने कहा कि वह हरक सिंह रावत या दिलीप रावत को चरित्र प्रमाण पत्र देने के अधिकारी नहीं हैं। किसी व्यक्ति के चरित्र का आकलन उसके बयानों, आचरण और सार्वजनिक जीवन में उसकी भूमिका से किया जाता है, न कि राजनीतिक मंचों पर ली गई कसमें से।
गोदियाल ने भाजपा नेताओं पर धार्मिक आस्था और देवी-देवताओं के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कसमें खाने से न सवाल खत्म होते हैं और न ही किसी प्रकरण की सच्चाई बदलती है। भाजपा नेताओं को अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के सवाल पर अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई राजनीतिक बयानबाजी से कमजोर नहीं होगी। प्रदेश की जनता इस प्रकरण को भूली नहीं है और जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलता, सवाल उठते रहेंगे। किसी बेटी के न्याय की आवाज को आर्थिक सहायता के नाम पर दबाया नहीं जा सकता।




