
देहरादून। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बुधवार को देहरादून के झाझरा स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरडिसिप्लिनरी टेक्नोलॉजी (आईआईटी) का दौरा किया। यहां उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी काउंसिल (यूकॉस्ट) द्वारा स्थापित स्टेम लैब का निरीक्षण किया। इस अवसर पर यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा लैब की उपयोगिता और छात्रों के लिए इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
स्टेम लैब का उद्देश्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित को व्यावहारिक रूप से समझाना है। यहां छात्र अपने विचारों को प्रयोग, मॉडल और तकनीकी नवाचार के माध्यम से वास्तविक रूप दे सकते हैं। लैब में उपलब्ध आधुनिक संसाधनों से बच्चों को रोबोटिक्स, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, त्रिविमीय प्रिंटिंग तथा वैज्ञानिक प्रयोगों की प्रायोगिक समझ विकसित करने का अवसर मिलता है।
प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि इस लैब का सबसे बड़ा योगदान जनजातीय छात्रों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र से जोड़ने में है। उन्होंने कहा कि लैब के माध्यम से बच्चे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि व्यावहारिक शिक्षा के जरिए नए विचारों को समझने और नवाचार करने की क्षमता विकसित करते हैं। उनके अनुसार, ऐसी पहल से छात्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं और भविष्य में उन्नत शिक्षा, रोजगार तथा उद्यमिता के नए अवसर पा सकते हैं।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने लैब में छात्रों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट, प्रयोग और तकनीकी मॉडलों को देखा। उन्होंने स्टेम शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे प्रयोगशाला आधारित संसाधन छात्रों की सोच, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने इस तरह की पहलों को दूर-दराज के क्षेत्रों के बच्चों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
यूकॉस्ट का कहना है कि स्टेम लैब केवल तकनीकी शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्रों में वैज्ञानिक सोच, टीम वर्क, समस्या समाधान और नवाचार की प्रवृत्ति विकसित करने का माध्यम भी है। काउंसिल का उद्देश्य ऐसी सुविधाओं के माध्यम से विशेष रूप से जनजातीय एवं पिछड़े क्षेत्रों के बच्चों को आधुनिक शिक्षा और प्रौद्योगिकी के अवसरों से जोड़ना है।
यूकॉस्ट ने कहा कि आगामी समय में भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को बच्चों तक सरल और रोचक रूप में पहुंचाने हेतु ऐसी पहलों को विस्तार दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्र नवाचार और आत्मनिर्भर विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।



