
नई सड़क परियोजनाओं को रद्द करने, पर्यटकों व वाहनों के पंजीकरण और शहर की क्षमता के अनुरूप प्रवेश देने की मांग, मुख्य सचिव ने सुझावों को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा
देहरादून। पर्यटन के बढ़ते दबाव, लगातार घटती हरियाली और पहाड़ी क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए मसूरी की वहन क्षमता (Carrying Capacity) निर्धारित करने की मांग तेज हो गई है। पर्यावरण संरक्षण संस्था सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में मुख्य सचिव से मुलाकात कर मसूरी को अनियंत्रित पर्यटन और अनियोजित विकास के दबाव से बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। प्रतिनिधिमंडल में ईरा चौहान, जया सिंह और हिमांशु अरोड़ा शामिल रहे। बैठक में मसूरी की वहन क्षमता को लेकर हाई कोर्ट में दायर जनहित याचिका तथा संस्था के सदस्यों और अनूप नौटियाल की ओर से प्रस्तुत सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने मसूरी और दून घाटी पर बढ़ते मानवीय दबाव, अनियंत्रित पर्यटन, पेड़ों के कटान और नई सड़क परियोजनाओं को लेकर गंभीर चिंता जताई। सदस्यों ने कहा कि विकास के नाम पर पहाड़ों की प्राकृतिक संरचना और पर्यावरणीय संतुलन से लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसके परिणाम भविष्य में गंभीर आपदाओं के रूप में सामने आ सकते हैं।
मसूरी में भी जोशीमठ जैसी आपदा का खतरा
हिमांशु अरोड़ा ने मसूरी की संवेदनशील भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि एक छोटे से पहाड़ी शहर पर आखिर कितना दबाव डाला जा सकता है। उन्होंने चेताया कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो मसूरी में भी जोशीमठ जैसी परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं। लंढौर और झड़ीपानी जैसे क्षेत्रों में जमीन धंसने की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। उन्होंने दून घाटी में पिछले 20 वर्षों के दौरान लगभग 47 प्रतिशत हरियाली नष्ट होने का आंकड़ा रखते हुए कहा कि शेष हरित क्षेत्र को बचाना अब बेहद जरूरी है। यदि हरियाली का इसी तरह विनाश जारी रहा तो शहर के पारिस्थितिक संतुलन पर गंभीर असर पड़ेगा।
नई सड़क के निर्माण में 20 हजार पेड़ों के कटान की आशंका
ईरा चौहान ने झाझरा-मिस्सरपट्टी-मसूरी प्रस्तावित सड़क परियोजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके निर्माण में करीब 18 से 20 हजार पेड़ों के कटने की आशंका है। इनमें साल, रोहिणी, बुरांश और बांज जैसे महत्वपूर्ण वृक्ष शामिल हैं। वहीं एलकेडी रोड चौड़ीकरण के लिए भी लगभग 700 पेड़ों के कटान की योजना चिंता बढ़ाने वाली है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों की संवेदनशीलता को नजरअंदाज कर इस तरह की परियोजनाएं लागू करना पर्यावरण और भविष्य की सुरक्षा के साथ गंभीर समझौता है।
प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि जब मसूरी के लिए रोपवे परियोजना पर काम चल रहा है और उसके जल्द पूरा होने की संभावना है, तो फिर नई सड़क परियोजनाओं के जरिए पहाड़ों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ाने की क्या जरूरत है? सदस्यों ने नई सड़क परियोजनाओं पर पुनर्विचार और उन्हें रद्द करने की मांग की।
1,287 वाहनों की पार्किंग, फिर हजारों गाड़ियों का दबाव क्यों?
जया सिंह ने मसूरी की बुनियादी सुविधाओं की सीमाओं को सामने रखते हुए सीवेज प्रबंधन, पेयजल संकट और पार्किंग क्षमता पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मसूरी में उपलब्ध पार्किंग क्षमता लगभग 1,287 वाहनों की है। ऐसे में हजारों अतिरिक्त वाहनों के प्रवेश से शहर की यातायात व्यवस्था, जलापूर्ति, सीवेज प्रबंधन और पर्यावरण पर असहनीय दबाव पड़ सकता है। पर्यटन को बढ़ावा देने से पहले शहर की वास्तविक संसाधन क्षमता और आधारभूत सुविधाओं का आकलन जरूरी है।
आवागमन का अधिकार बनाम शहर की वहन क्षमता
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार किसी नागरिक को किसी शहर में आने से नहीं रोक सकती, क्योंकि देश में निर्बाध आवागमन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। इस पर हिमांशु अरोड़ा ने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी घर में एक समय में चार मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था है, तो एक साथ चार ही मेहमानों को आमंत्रित किया जाएगा। अतिरिक्त मेहमानों को बाद में आने का आग्रह किया जा सकता है। इसी तरह मसूरी भी शहरवासियों का घर है और यहां उतने ही पर्यटकों को आने की अनुमति दी जानी चाहिए, जितने का शहर अपने संसाधनों और सुविधाओं के साथ उचित प्रबंधन कर सके। पर्यटन को नियंत्रित और व्यवस्थित करना किसी के अधिकारों का विरोध नहीं, बल्कि शहर और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की आवश्यकता है।
मसूरी को बचाने के लिए रखे तीन प्रमुख सुझाव
प्रतिनिधिमंडल ने मसूरी की पर्यावरणीय सुरक्षा और व्यवस्थित पर्यटन के लिए तीन प्रमुख सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें मसूरी के लिए प्रस्तावित नई सड़क परियोजनाओं को तत्काल रद्द करना, पर्यटकों एवं वाहनों के लिए सख्त पंजीकरण व्यवस्था लागू करना और शहर में उपलब्ध पार्किंग तथा होटल कमरों की वास्तविक क्षमता के अनुरूप ही पर्यटकों के प्रवेश की सीमा तय करना शामिल है। सदस्यों ने कहा कि पर्यटकों की संख्या नियंत्रित होने से जल स्रोतों, सीवेज व्यवस्था, पार्किंग और पर्यावरण पर अनावश्यक दबाव कम किया जा सकेगा।
मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखे गए सुझावों और चिंताओं पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी तथा इन प्रस्तावों को आगे की कार्यवाही के लिए प्रिंसिपल सेक्रेटरी, पर्यावरण को भेज दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि मसूरी की पर्यावरणीय संवेदनशीलता और वहन क्षमता को ध्यान में रखते हुए सरकार ठोस कदम उठाएगी, ताकि पहाड़ों की प्राकृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।



