
देहरादून।दून पुलिस ने मानवता का कर्तव्य निभाते हुए एक बुजुर्ग व्यक्ति के ऑटो में छूटे बैग को अल्प समय में सकुशल बरामद कर उन्हें सौंप दिया। बैग में ₹1,40,500 की नकद राशि, आवश्यक दवाइयां तथा अन्य सामान रखा हुआ था। अपना सामान वापस पाकर बुजुर्ग ने थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की और दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम बुरासी निवासी 64 वर्षीय बलवंत सिंह पुत्र रणजीत सिंह रिस्पना क्षेत्र में ऑटो से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उनका बैग ऑटो में ही छूट गया, जिसमें नकद धनराशि के अलावा दवाइयां और अन्य आवश्यक सामान भी था। बैग छूटने की सूचना मिलते ही उन्होंने थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस को अवगत कराया।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज की सहायता से संबंधित ऑटो की पहचान की गई और ऑटो चालक से संपर्क किया गया। चालक के पास से बैग सकुशल बरामद कर बुजुर्ग व्यक्ति को सौंप दिया गया।
बलवंत सिंह ने अपना खोया हुआ बैग, नकदी, दवाइयां और अन्य सामान वापस पाकर उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार के लिए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल हर्षवर्धन सहित थाना नेहरू कॉलोनी की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और उनकी संपत्ति की रक्षा पुलिस की प्राथमिक प्रतिबद्धता है।



