
देहरादून। भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा ने अनुसूचित जाति मोर्चा और युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथ संरचना को मजबूत करते हुए लगातार तीसरी बार जनविश्वास जीतने के लिए काम करना होगा।
पार्टी प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में शर्मा ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है। केंद्र और राज्य सरकार अनुसूचित जाति समाज के शैक्षिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रही है। इनका लाभ तभी सुनिश्चित होगा जब पात्र व्यक्तियों को जानकारी और मार्गदर्शन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। मोर्चा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे गांव-गांव, घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें। अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
शर्मा ने कहा कि एससी मोर्चा कार्यकर्ता केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याएं समझें और संबंधित विभागों तक पहुंचाएं। शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर युवाओं और महिलाओं को जागरूक किया जाए।
युवा मोर्चा की बैठक में उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को युवाओं की भाषा में सरल तरीके से पहुंचाए। इसके लिए गांवों-बस्तियों में जनसंपर्क, जागरूकता कार्यक्रम और बैठकें आयोजित की जाएं। पात्र लाभार्थियों को आवेदन और दस्तावेजों की जानकारी देकर योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद की जाए।
बैठकों में संगठन की विचारधारा और समरसता के संदेश को हर वर्ग तक पहुंचाने, भागीदारी बढ़ाने और प्रदेश से मंडल स्तर तक गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, राज्यमंत्री एवं एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल, प्रदेश महामंत्री विनोद लक्खा, दर्पण कुमार, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश भुजवाण, रविंद्र वाल्मीकि, विशाल बिरला, दीपा देवी, रणजीत सिंह जाखी, संजीव कुमार, प्रकान्त कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



