
“कोई काम तो बताइए” पर हरीश रावत ने दिया जवाब, आपदा से लेकर रोजगार और कर्ज तक गिना दिया पूरा हिसाब
देहरादून। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ओर से उठाए गए सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। रावत ने कहा कि शाह ने राजनीतिक बयानबाजी के बीच उनसे पूछा था कि कोई ऐसा काम बताया जाए, जो उल्लेख करने लायक हो। इसी के जवाब में उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल का ब्योरा रखा।
रावत ने कहा कि उत्तराखंड दैवीय आपदा से बुरी तरह प्रभावित था। संचार व्यवस्था ठप हो गई थी और अर्थव्यवस्था चौपट हो चुकी थी। उनके अनुसार उनकी सरकार ने सवा साल के भीतर प्रदेश को आपदा से उबारा और अर्थव्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाया। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री चारधाम यात्रा बंद करवा कर गए थे, जिसे उनकी सरकार ने फिर शुरू कराया। केदारनाथ में सुरक्षा और पुनर्निर्माण के काम भी कराए गए। रावत ने कहा कि उनकी सरकार के समय बनाई गई गुफाओं में ही प्रधानमंत्री को तपस्या करने का अवसर मिला।
रोजगार के मुद्दे पर रावत ने कहा कि उनकी सरकार ने 32 हजार से अधिक लोगों को सरकारी सेवाओं में स्थायी नौकरी दी, जबकि 10 हजार से ज्यादा को अस्थायी तौर पर रोजगार से जोड़ा। उन्होंने कहा कि इस आंकड़े तक पहुंचने में मौजूदा सरकारें 10 साल में आधे तक भी नहीं पहुंच पाई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश के उत्पादों, व्यंजनों, परिधानों, आभूषणों, हस्तशिल्प और लोककला को बढ़ावा दिया, जिसका लाभ आज लाखों उत्तराखंडवासी उठा रहे हैं।
आर्थिक मोर्चे पर रावत ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में नकारात्मक विकास दर को सुधारकर 14 प्रतिशत वार्षिक तक पहुंचाया गया और बेरोजगारी की वृद्धि दर डेढ़ प्रतिशत से नीचे आई। राजस्व के मामले में उत्तराखंड कर्नाटक के बाद दूसरे स्थान पर रहा। उन्होंने कहा कि उनके समय कोई उद्योग प्रदेश छोड़कर नहीं गया, जबकि अब नए उद्योग नहीं आ रहे और पहले से लगे उद्योग बाहर जा रहे हैं। रावत के मुताबिक उनकी सरकार ने देश में सबसे सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध कराई।
कर्ज को लेकर उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज में डूबा है, जबकि आपदा के बावजूद उनकी सरकार ने तीन साल में बाजार से केवल 7 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया। रावत ने कहा कि यदि वे अपनी उपलब्धियां गिनाने लगें तो सूची काफी लंबी हो जाएगी, जबकि आज हालात इसके उलट हैं।



