
पौड़ी। पौड़ी गढ़वाल के बछेली ग्रामसभा में बाघ के हमले में महिला की मौत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गोदियाल ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए परिवार के लिए अपूरणीय क्षति करार दिया। उन्होंने दिवंगत महिला को श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ते वन्यजीव हमलों पर चिंता जताते हुए गोदियाल ने कहा कि पौड़ी गढ़वाल समेत प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में ग्रामीणों की जान और सुरक्षा का सवाल गंभीर होता जा रहा है। उनका कहना था कि खेती-बाड़ी, मवेशियों की देखभाल और रोजमर्रा के कामों के दौरान भी ग्रामीणों को भय के माहौल में रहना पड़ रहा है। ऐसे में आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और वन विभाग की जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित और पर्याप्त मुआवजा तुरंत दिया जाए, ताकि परिवार को आर्थिक राहत मिल सके। साथ ही वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा।
गोदियाल ने कहा कि परिवार के किसी सदस्य की असमय मृत्यु सिर्फ उस परिवार की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की पीड़ा है। ग्रामीणों को भयमुक्त माहौल देना और उनकी जान-माल की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्यायोचित सहायता देने और मानव-वन्यजीव संघर्ष की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।



