
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ जनाक्रोश को धार देने के लिए प्रदेशभर में निकाली जा रही ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ को और तेज कर दिया है। रविवार को पौड़ी और देहरादून जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में निकली न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर जमकर हमला बोला। पार्टी नेताओं का दावा है कि यात्रा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और प्रदेश में बदलाव की मजबूत जमीन तैयार हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में लैंसडाउन और चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली गई, जबकि कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कैन्ट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में भाजपा सरकार जनता की मूल समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रही है। नेताओं ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न जैसे मुद्दे लगातार गंभीर होते जा रहे हैं, जबकि सरकार केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।

लैंसडाउन और चौबट्टाखाल में जनसभा को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में पहाड़ का युवा लगातार पलायन कर रहा है और गांव खाली होते जा रहे हैं। गोदियाल ने भर्ती घोटालों और पेपर लीक प्रकरणों का उल्लेख करते हुए सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसी घटनाओं ने महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों और ग्रामीणों के सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। कांग्रेस इन मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी।
विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला ने कहा कि सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर किसानों, युवाओं, महिलाओं और कर्मचारियों पर पड़ा है। उनका कहना था कि दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और शिक्षकों की कमी विकास के दावों की हकीकत उजागर कर रही है।

वहीं देहरादून में आयोजित न्याय यात्रा के दौरान प्रीतम सिंह ने राजधानी की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के बावजूद शहर में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं हो पाया है। जाम, जलभराव, पेयजल संकट, टूटी सड़कें और सफाई व्यवस्था जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं।
प्रीतम सिंह ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के नाम पर भाजपा सरकार ने केवल वादे किए हैं, जबकि सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं। बढ़ती महंगाई ने आम और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा सरकार की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है और वर्ष 2027 के चुनाव में इसका जवाब देगी।
पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने भी कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। कांग्रेस न्याय यात्रा के माध्यम से जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्याय यात्रा का उद्देश्य केवल सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि रोजगार, सामाजिक न्याय, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए जनजागरण करना है। पार्टी का दावा है कि यह अभियान 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की आधारशिला साबित होगा।



