
देहरादून। देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के प्रतिनिधि रामानंद भट्ट ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के सचिव एवं उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के सचिव बंशीधर तिवारी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की ओर से तिवारी को प्रतीक चिह्न एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
भेंट के दौरान रामानंद भट्ट ने फेस्टिवल के सफल आयोजन तथा उत्तराखंड में फिल्म गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, आकर्षक लोकेशनों और यहां की प्रतिभाओं को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से फिल्म फेस्टिवल लगातार कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश की फिल्म संस्कृति को मजबूत करने के साथ उत्तराखंड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय कलाकारों एवं तकनीकी प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रामानंद भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सरकार और फिल्म विकास परिषद का सहयोग प्रदेश में फिल्म निर्माण को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां, प्रतिभाशाली कलाकार और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण इसे देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने बंशीधर तिवारी के प्रोत्साहन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन फिल्म निर्माताओं और कलाकारों का मनोबल बढ़ाता है। इससे सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर बेहतर एवं सार्थक फिल्म निर्माण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।



