
देहरादून (उत्तराखंड) उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 अपने समापन की ओर बढ़ रहा है। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले गुरुवार, 1 अक्टूबर को देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें क्रिकेट, संगीत और मनोरंजन का एक साथ अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
इस ग्रैंड फिनाले को यादगार बनाने के लिए मशहूर गायक मासूम शर्मा और प्रसिद्ध परफॉर्मर प्रांजल दहिया लाइव परफॉर्मेंस देंगे और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। क्रिकेट प्रेमियों और संगीत के शौकीनों के लिए इस खिताबी मुकाबले और समापन समारोह में प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क (Free Entry) रखा गया है, ताकि पूरे राज्य से अधिक से अधिक प्रशंसक इसका आनंद ले सकें।
UPL 2026 के इस तीसरे संस्करण की शुरुआत 21 सितंबर को महिला वर्ग की प्रतियोगिता से हुई थी, जिसमें देहारादून वॉरियर्स (विजेता), मसूरी क्वींस, बागेश्वर एरियल और पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने हिस्सा लिया था। इसके बाद 22 सितंबर से पुरुष वर्ग के मुकाबले शुरू हुए, जिसमें कुल सात टीमों—देहरादून वॉरियर्स, हरिद्वार एल्मास, नैनीताल टाइगर्स, पिथौरागढ़ हरिकेन्स, ऋषिकेश रिवर किंग्स, टिहरी टाइटंस और यूएसएन इंडियंस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के सचिव श्री किरण वर्मा ने कहा कि UPL ने एक बार फिर पूरे राज्य की प्रतिभा और जुनून को सामने लाया है और यह फाइनल मुकाबला केवल क्रिकेट का ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति का जश्न होगा। वहीं, BCCI के पूर्व उपाध्यक्ष और CAU के पूर्व सचिव महिम वर्मा ने कहा कि इस लीग ने युवा खिलाड़ियों को एक बेहतरीन मंच दिया है और प्रशंसकों के उत्साह ने इस सीजन को खास बनाया है।
UPL के अध्यक्ष सुनील जोशी ने सभी प्रशंसकों को 1 अक्टूबर को स्टेडियम आमंत्रित करते हुए कहा कि मासूम शर्मा और प्रांजल दहिया की मौजूदगी और फ्री एंट्री के साथ यह शाम दर्शकों के लिए बेहद यादगार होने वाली है। टूर्नामेंट का यह समापन समारोह राज्य के उभरते और स्थापित खिलाड़ियों के शानदार सफर और उपलब्धियों को समर्पित रहेगा।



