
पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले की वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की थी जांच; अभियुक्त को हुई 20 साल की सजा
देहरादून । उत्तराखंड पुलिस के उप निरीक्षक लोकेन्द्र बहुगुणा को उत्कृष्ट विवेचना के लिए वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘केन्द्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक’ से सम्मानित किया गया है। वर्तमान में सीआईडी देहरादून में तैनात बहुगुणा को यह सम्मान वर्ष 2021 में देहरादून में पांच वर्षीय बालिका के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के जघन्य मामले की सफल विवेचना के लिए दिया गया है।
इस चुनौतीपूर्ण मामले की जांच में उप निरीक्षक बहुगुणा ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करते हुए महत्वपूर्ण तथ्यों को सामने लाया। उनकी पेशेवर दक्षता, सतर्कता और गहन विवेचना के परिणामस्वरूप अभियुक्त को न्यायालय ने 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, उप निरीक्षक बहुगुणा की इस उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस की पेशेवर कार्यशैली और गुणवत्तापूर्ण विवेचना के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।




