
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल ने संगठन को मजबूत करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाने के उद्देश्य से संगठनात्मक विस्तार किया है। इस क्रम में विभिन्न प्रकोष्ठों और महानगर संगठन में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। साथ ही, कई लोगों ने दल की सदस्यता ग्रहण कर उत्तराखंड के हितों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
संगठनात्मक विस्तार के तहत मूल निवास एवं भू-कानून प्रकोष्ठ में श्रीमती सिमरन और श्रीमती यशोदा अमोली को वार्ड अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, कैलाश जोशी को महानगर महामंत्री तथा मोहम्मद जाहिद को अल्पसंख्यक मोर्चा का महानगर अध्यक्ष बनाया गया।
इस अवसर पर आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में केंद्रीय महामंत्री एवं धर्मपुर विधानसभा से संभावित प्रत्याशी श्रीमती मीनाक्षी घिल्डियाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राज्य के मूल निवास, भू-कानून, जल-जंगल-जमीन, रोजगार और क्षेत्रीय अस्मिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर निरंतर संघर्षरत है। संगठन का विस्तार जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


उन्होंने नए सदस्यों और पदाधिकारियों से दल की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा उत्तराखंड के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सदस्यता अभियान के दौरान दल के वरिष्ठ नेता लताफ़त हुसैन, सूफी ख़ालिक अहमद, लुसुन तोड़रिया, नैना लखेरा, संगीता बहुगुणा, गिरीश कोठारी, सुचीता उनियाल, उषा रमोला, कामना बिजलवान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




