
खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समुदाय की सांस्कृतिक विरासत के रंगों से खटीमा में आयोजित तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव जनजातीय गौरव का भव्य उत्सव बन गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर रंगोत्सव का शुभारंभ किया। देश के 12 राज्यों से आए जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और लोकसंगीत से समृद्ध विरासत की झलक पेश की, जिसने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी स्वयं पारंपरिक रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने कलाकारों के साथ थिरक कर उनका उत्साहवर्धन किया और स्वयं ढोल बजाकर जनजातीय संस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उनके इस सहज अंदाज ने कलाकारों और दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और जुएल ओराम को पौधा और महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया, वहीं फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों को हनुमान गदा और नीम करौली बाबा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।

खटीमा एकलव्य विद्यालय के लिए 10 करोड़ की घोषणा
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने खटीमा एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्रियों से पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी एक एकलव्य आवासीय विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह रंगोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं और जनजातीय गौरव का उत्सव है। खटीमा अपने आप में मिनी इंडिया है।
केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि खटीमा में 4 करोड़ की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर हो चुका है और शीघ्र निर्माण शुरू होगा। विद्यालय में 480 विद्यार्थियों की क्षमता होगी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उत्तराखंड की जनजातीय विविधता देश की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करती है।

जनजातीय सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाकर लागत बढ़ाई गई है। ऊधमसिंह नगर में इस योजना के तहत 3 करोड़ से अधिक की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में इस वर्ष प्राप्त आवेदनों में 28 प्रतिशत आवेदन जनजातीय परिवारों के हैं। पीएम-जनमन योजना में प्रथम चरण में 824 और द्वितीय चरण में 101 आवास बनाए जा चुके हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई के विकास के लिए करोड़ों की धनराशि दी गई है। बाजपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास और 16 करोड़ से अधिक लागत से विद्यालय का निर्माण हो रहा है, जबकि बालिका छात्रावास के लिए 4 करोड़ स्वीकृत है। थारू राजकीय इंटर कॉलेज के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जनजातीय उत्पादों को बाजार से जोड़ा जा रहा है और रिवॉल्विंग फंड व निवेश सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत 2020 से 2025 तक 10 करोड़ से अधिक की योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं।
एवरेस्ट विजेताओं को बधाई
मुख्यमंत्री ने खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की टीला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी और कहा कि उन्होंने थारू समाज ही नहीं पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, सांसद अजय भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, डॉ. धन सिंह रावत, विधायक सरिता आर्या सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



