
देहरादून । उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगा और प्रदेश में सरकार बनाएगा। सरकार न बनने की स्थिति में विपक्ष में बैठकर राज्य हित के लिए संघर्ष करेगा।
बुधवार को मसूरी में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उक्रांद के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ने कहा कि उक्रांद लगातार राज्य बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। जनता अपनी बढ़ती परेशानियों को देखते हुए अब राज्य आंदोलन के शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए उक्रांद को चुनने का मन बना चुकी है।राज्य की जनता जानती है कि यदि कोई उत्तराखंड का सच्चा हितैषी है तो वह उक्रांद ही है और प्रदेश की समस्याओं का समाधान केवल उक्रांद सरकार ही कर सकती है।
उन्होंने कहा कि चाहे राज्य की स्थायी राजधानी का सवाल हो, सशक्त भू-कानून, मूल निवास, पूर्ण शराबबंदी, नशाखोरी पर रोक, माफिया राज और भ्रष्टाचार खत्म करना, खनन घोटालों पर रोक, पलायन रोकना और भुतहा होते गांवों को फिर से आबाद करना आदि मुद्दों के समाधान के लिए उक्रांद एक ठोस दीर्घकालीन नीति और स्पष्ट दृष्टि पत्र तैयार कर रहा है।इसे चुनाव से पहले गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
दल के उपाध्यक्ष मोहन सिंह असवाल ने कहा कि उक्रांद का इतिहास त्याग, तपस्या और बलिदान का प्रतीक है। यहां प्रत्येक कार्यकर्ता स्वतंत्र है, लेकिन केंद्रीय अध्यक्ष द्वारा स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी कार्यकर्ता को मनगढ़ंत कहानी सोशल मीडिया पर प्रचारित करने का अधिकार नहीं है। संगठन की अपनी मर्यादा होती है। व्यक्तिगत जीवन पर टीका-टिप्पणी करना बुद्धिजीवी का काम नहीं है। इस मौके पर केंद्रीय महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, केंद्रीय सचिव सौम्या चौधरी एवं जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।



