
देहरादून । उत्तराखंड में बदहाल सड़कों, अधूरे निर्माण कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा के मुद्दे पर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने रविवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। राज्यभर से देहरादून पहुंचे उक्रांद कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सचिवालय कूच किया और सड़क एवं लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज के सरकारी आवास का घेराव करने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन ने जगह-जगह बैरिकेडिंग की। इस दौरान उक्रांद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आज भी अनेक गांव सड़क सुविधा से वंचित हैं। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी सुविधाओं के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रदेशभर की जर्जर और गड्ढों में तब्दील सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की।

दल के संरक्षक एवं पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी प्रदेश की सड़कों की बदहाल स्थिति गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित सड़क परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।
पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि आज भी कई दूरदराज के गांव मुख्य सड़क नेटवर्क से जुड़े नहीं हैं। ऐसे गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए युद्धस्तर पर काम किए जाने की जरूरत है।
उक्रांद नेताओं ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी पलायन की बड़ी वजहों में शामिल है। उनका आरोप है कि सरकार ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है।

दल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही जर्जर सड़कों की मरम्मत, लंबित निर्माण कार्यों को पूरा करने और सड़क सुविधा से वंचित गांवों को जोड़ने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो उक्रांद प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक करेगा।
प्रदर्शन में उक्रांद के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज व्यास, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी उपाध्याय, संरक्षक पूरण सिंह कठैत, महामंत्री संगठन गणेश काला, महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष आशीष नेगी, मूल निवास-भू कानून प्रकोष्ठ अध्यक्ष लूशुन टोडरिया, कुलदीप रावत, महानगर अध्यक्ष प्रवीण रमोला, महामंत्री मीनाक्षी घिल्डियाल, महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष संगीता सकलानी बहुगुणा और सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेता, केंद्रीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



