
राजपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी देव चन्द उत्तराखण्डी ने इंद्रमणि बडोनी स्मारक पर किया माल्यार्पण, रोजगार, पलायन और भू-कानून जैसे मुद्दों पर जनता से करेंगे सीधा संवाद
देहरादून। उत्तराखण्ड क्रांति दल (उक्रांद) के राजपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी देव चन्द उत्तराखण्डी ने मंगलवार को घंटाघर स्थित उत्तराखंड राज्य आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय अध्यक्ष की उपस्थिति में उन्होंने ‘हर घर चर्चा, हर घर पर्चा’ अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया गया।
देव चन्द उत्तराखण्डी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण जिन उद्देश्यों और जनभावनाओं के साथ हुआ था, उन्हें पूरा करना आज भी बड़ी चुनौती है। राज्य के संसाधनों पर उत्तराखंडवासियों का अधिकार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, पलायन पर रोक, मूल निवास और सशक्त भू-कानून जैसे मुद्दे प्राथमिकता में होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर चर्चा, हर घर पर्चा’ अभियान के तहत राजपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा। इस दौरान उत्तराखण्ड क्रांति दल की विचारधारा और राज्य के ज्वलंत मुद्दों के साथ ही स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी। जनता के सुझावों और शिकायतों को सुनकर उन्हें संगठन के समक्ष रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि उक्रांद केवल चुनाव के समय जनता के बीच पहुंचने वाला राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के आंदोलन से निकला संगठन है। पार्टी की प्राथमिकता प्रदेश की अस्मिता, स्वाभिमान और जनहित से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाना है। अभियान का उद्देश्य जनसंवाद को मजबूत करना और राज्य निर्माण की मूल अवधारणा को साकार करने की दिशा में प्रयास करना है।



