
देहरादून। राजधानी में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने रायपुर थाना क्षेत्र के बालावाला में दो युवकों को 211 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 20 अक्टूबर की रात थाना रायपुर पुलिस ने भरतु चौक, बालावाला के पास चेकिंग के दौरान दो युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 211 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषिराज (26) पुत्र राजेंद्र सिंह और अर्पित कुमार (20) पुत्र सूरज कुमार, दोनों निवासी नयागांव अनारवाला, गढ़ी कैंट, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा संख्या 443/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 में अभियोग पंजीकृत किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिले में अभियान जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में बालावाला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक साहिल वशिष्ठ, अपर उपनिरीक्षक सुशील बलूनी और कांस्टेबल किशनपाल शामिल रहे।



