
देहरादून।तुलाज इंटरनेशनल स्कूल में स्वर्गीय श्रीमती जय माला जैन जी की स्मृति में प्रथम ‘जय माला जैन मेमोरियल हेरिटेज क्विज’ का आयोजन किया गया। यह आयोजन उनकी स्मृति को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि रहा, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान, शिक्षा और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में दून इंटरनेशनल स्कूल, रिवरसाइड कैंपस के प्रधानाचार्य जेकब अजीत मैथ्यूज उपस्थित रहे, जिनका प्रधानाचार्य रमन कौशल ने स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य संजय शर्मा, मिडिल स्कूल की हेडमिस्ट्रेस डॉ. वरिंदर कौर, विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि, शिक्षक, प्रायोजक तथा अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
स्वागत संबोधन में प्रधानाचार्य रमन कौशल ने समग्र शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया केवल कक्षा तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बच्चों में जिज्ञासा विकसित करने, उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाने तथा भारत की गौरवशाली विरासत के प्रति ज्ञान को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में कई प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वाइनबर्ग-एलन स्कूल ने 17.5 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल 13.5 अंकों के साथ दूसरे और द एशियन स्कूल 11 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। पीवाईडीएस लर्निंग एकेडमी, दून इंटरनेशनल स्कूल सिटी कैंपस और बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल ने ग्रैंड फिनाले में प्रवेश किया।
ग्रैंड फिनाले का संचालन एक्टिविटीज एवं एलुमनाई के डीन संदीप दत्ता तथा सिद्धार्थ शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में रैपिड-फायर राउंड, सुरागों के आधार पर उत्तर पहचानने वाला ‘विरासत’ राउंड, ऑडियो राउंड, विषय चयन राउंड और विरासत पर आधारित अंतिम रैपिड-फायर राउंड ‘धरोहर’ शामिल थे, जिनमें प्रतिभागियों के ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता, विश्लेषणात्मक कौशल और टीमवर्क की परीक्षा हुई।
मुख्य अतिथि जेकब अजीत मैथ्यूज ने विद्यार्थियों को ज्ञान का महत्व समझने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रगति जीवन में नए अवसर देती हैं, लेकिन विरासत में मिले संस्कार और जड़ों से जुड़ाव ही जीवनभर मार्गदर्शन करते हैं।
प्रतियोगिता के समापन पर वाइनबर्ग-एलन स्कूल ने प्रथम ‘जय माला जैन मेमोरियल हेरिटेज क्विज’ का खिताब अपने नाम किया। पीवाईडीएस लर्निंग एकेडमी दूसरे और डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, ऋषिकेश तीसरे स्थान पर रहा।
कार्यक्रम के अंत में उपप्रधानाचार्य संजय शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की संयोजक स्वाति थापा रहीं।



