
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता स्व. मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके राज्य व देश हित में दिए गए योगदान को याद किया।
बलवीर रोड स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने खंडूड़ी के जीवन मूल्यों, कार्यशैली और राज्य विकास के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि स्व. खंडूड़ी ईमानदारी और सिद्धांतों के प्रतीक थे। वे सादगी, अनुशासन और उच्च नैतिक मूल्यों के पर्याय थे। एक सैन्य अधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री तक के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने हमेशा पारदर्शिता और शुचिता को प्राथमिकता दी।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी नीतियों को लागू करने में उनका योगदान अनुकरणीय रहेगा। राज्य को मजबूत दिशा देने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका हमेशा स्मरणीय रहेगी।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने उन्हें सैन्य बाहुल्य राज्य के संरक्षक के रूप में याद करते हुए कहा कि सेना में उत्कृष्ट सेवा के बाद राजनीति में आए खंडूड़ी ने हमेशा पूर्व सैनिकों, सैन्य परिवारों और युवाओं के कल्याण के लिए कार्य किया।
कार्यक्रम में सभी नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर सत्य, निष्ठा और सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रौतेला, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, एससी मोर्चा अध्यक्ष बलबीर घुनियाल, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक, विनोद खंडूड़ी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



