
6 नवंबर को जनसभा और पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के चलते बदलेगी यातायात व्यवस्था, शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का करना होगा इस्तेमाल
देहरादून । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम, पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड और धनतेरस पर्व को देखते हुए देहरादून यातायात पुलिस ने शहर के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शुक्रवार को शहर में वीवीआईपी कार्यक्रमों और त्योहारी खरीदारी के चलते यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा, जबकि परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास निर्धारित समय में जीरो जोन व्यवस्था लागू की जाएगी।
परेड ग्राउंड में जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहनों को एमकेपी की ओर से भेजा जाएगा। वहीं, आराघर चौक से ईसी रोड जाने वाले वाहन सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड से गुजरेंगे।
जनसभा में शामिल होने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए भी विशेष रूट और पार्किंग निर्धारित की गई है। हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर और सर्वे चौक होते हुए रोजगार तिराहे के पास यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग बन्नू स्कूल में होगी। रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इनकी पार्किंग भी बन्नू स्कूल में निर्धारित की गई है। सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसों के लिए सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने ड्रॉप प्वाइंट तथा गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्किंग रहेगी। विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारकर गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी।
कार्यक्रम के लिए वीआईपी पार्किंग शेड पार्किंग, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग में रहेगी। छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस पार्किंग और मंगला देवी इंटर कॉलेज निर्धारित किए गए हैं।
उधर, पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक जीरो जोन रहेगा। नेगी तिराहे से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा, जबकि बन्नू चौक से नेगी तिराहे की ओर आने वाले वाहन गुरुनानक चौक और सूरी चौक से होकर गुजरेंगे। पुलिस लाइन में वीआईपी पार्किंग शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन, सम्मेलन कक्ष पार्किंग और एमटी सेक्शन ग्राउंड में रहेगी। सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
धनतेरस पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए धर्मपुर बाजार आने वाले लोगों को रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी के लोगों को जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर की लिंक रोड पर तथा रिस्पना क्षेत्र के लोगों को राजीव नगर में वाहन पार्क करने की सलाह दी गई है। प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग निर्धारित की गई है।
पलटन बाजार, धामावाला, मच्छी बाजार और पीपलमंडी क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन लागू किया जाएगा और केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश मिलेगा। पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों का प्रवेश सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। शहर में भारी वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।
सार्वजनिक परिवहन के लिए भी बदलाव किए गए हैं। राजपुर रोड से आने वाले एक नंबर विक्रम ग्लोब चौक तक, रायपुर रोड के दो नंबर विक्रम सर्वे चौक तक तथा रिस्पना की ओर से आने वाले तीन नंबर विक्रम दून चौक तक ही संचालित होंगे। पांच और आठ नंबर विक्रम तहसील चौक तक आ सकेंगे। राजपुर रोड की सिटी बसों का नया ड्रॉप पिकअप प्वाइंट ओरिएंट चौक और डोईवाला एवं सहस्रधारा जाने वाली सिटी बसों का रेंजर्स ग्राउंड निर्धारित किया गया है।
यातायात पुलिस ने आमजन से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है। नो-पार्किंग में वाहन खड़ा मिलने पर ट्रैफिक क्रेन से टो किया जाएगा, जिसके लिए 1500 रुपये जुर्माना निर्धारित है। पुलिस ने त्योहारी खरीदारी के दौरान निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करने और दोपहिया वाहनों अथवा सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की सलाह दी है। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों से अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने को कहा गया है। एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसे आवश्यक सेवाओं के वाहनों को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा।
यातायात पुलिस ने लोगों से धैर्य बनाए रखने, अनावश्यक हॉर्न न बजाने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि वीवीआईपी कार्यक्रमों और धनतेरस के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।



