
देहरादून। एसएसपी दून के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर दून पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
रविवार, 10 अक्टूबर की रात थाना रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि सोडा सिरौली ग्राम के पास सड़क किनारे कुछ युवक शराब पीकर हुड़दंग कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को मौके पर नशे में धुत्त कुछ युवक आपस में लड़ाई-झगड़ा करते मिले।
पुलिस ने मौके पर लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और मारपीट पर उतार आए। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के दृष्टिगत पुलिस ने आरोपियों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अरविंद सिंह (32) पुत्र भूपत सिंह, राहुल नोटियाल (32) पुत्र राकेश नोटियाल तथा ज्ञान भट्ट (36) पुत्र अमरदेव भट्ट शामिल हैं। तीनों आरोपी नंबर 06 पुलिया, देहरादून के निवासी हैं।
पुलिस अधीक्षक देहरादून के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और हुड़दंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध दून पुलिस का अभियान जारी रहेगा। नशे के साथ-साथ शांति व्यवस्था से खेलने वालों के खिलाफ सख्ती बरकरार रहेगी।



