
आखिरी सत्र में रचनात्मक चर्चा की अपील, कांग्रेस को बताया मुद्दा विहीन; भाजपा में आने वाले नेताओं पर कहा, “गंभीरता से हो रहा विचार”
देहरादून । कांग्रेस की न्याय यात्रा और विधानसभा घेराव कार्यक्रम पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जनता पांच साल से कांग्रेस के ऐसे राजनीतिक नाटक देखकर ऊब चुकी है।
भट्ट ने कहा कि वर्तमान विधानसभा कार्यकाल का यह आखिरी सत्र है, इसलिए सदन में जनहित से जुड़ी रचनात्मक और सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए और अहम निर्णय लिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम अपनी बात सदन के भीतर रखना होता है, लेकिन कांग्रेस सदन को अव्यवस्थित करने का काम करेगी।
विधानसभा घेराव के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह चुनावी वर्ष है और कांग्रेस मुद्दा विहीन हो चुकी है। मुद्दे न बचने पर प्रदर्शन करना ही उसका एकमात्र काम रह गया है। भट्ट ने यह भी कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि कांग्रेस किन मुख्य बिंदुओं पर घेराव कर रही है। उनका दावा था कि अधिकांश विषयों पर सरकार के कामकाज से खुश होकर जनता ने कई बार भाजपा को जनादेश दिया है, इसलिए कांग्रेस के आरोपों से जनता का कोई सरोकार नहीं है और इन प्रदर्शनों का सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
दल-बदल को लेकर किए जा रहे दावों पर भट्ट ने कहा कि चुनावी साल में दोनों ओर से लोग आएंगे-जाएंगे। कुछ महत्वाकांक्षी लोग भाजपा से भी जा सकते हैं, लेकिन जो पार्टी छोड़कर जाता है, उस पर भाजपा को ज्यादा टिप्पणी नहीं करनी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के बचे हुए कुनबे से भी कुछ लोग टूटकर भाजपा में आने वाले हैं। भाजपा गंभीरता से विचार कर रही है कि किसे लेना है और किसे नहीं, और जल्द ही इसकी विस्तृत जानकारी सामने रखी जाएगी।
दशहरे पर रावण के कद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बयान पर चल रही चर्चा के बारे में पूछे जाने पर भट्ट ने कहा कि उनका आशय उस रूप में नहीं रहा होगा, जैसा समझा जा रहा है। उन्होंने कहा कि रावण का कद हमेशा छोटा ही होना चाहिए। त्रिवेंद्र रावत ने रामलीला समितियों से अपील की है कि रावण जलने में ही अच्छा लगता है, कद में नहीं, और इसे इसी भावना से देखा-समझा जाना चाहिए।



