
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बैठक सम्पन्न, यात्रा की रूपरेखा पर हुआ मंथन
देहरादून । आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने उत्तराखण्ड न्याय यात्रा की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में देहरादून जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित यात्रा की रूपरेखा, मार्ग और कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित इस यात्रा के माध्यम से भाजपा सरकार की नीतियों, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, बिगड़ती कानून व्यवस्था और प्रदेश की अन्य ज्वलंत समस्याओं को जनता के बीच उठाया जाएगा। बैठक में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में यात्रा को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था की स्थिति से परेशान है। युवाओं को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जबकि महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड न्याय यात्रा महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई का अभियान है। इसके माध्यम से सरकार की विफलताओं को उजागर करने के साथ ही जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार की नीतियों का जवाब देगी और कांग्रेस प्रदेश में परिवर्तन का संदेश घर-घर तक पहुंचाएगी।
बैठक में यात्रा के प्रस्तावित मार्ग, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं, नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के आयोजन पर चर्चा हुई। साथ ही यात्रा के सफल संचालन के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। कांग्रेस की योजना यात्रा के दौरान स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर जनता से सीधा संवाद करने की है।
बैठक में जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, लालचन्द शर्मा, राजकुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, महामंत्री राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, महानगर अध्यक्ष जसविन्दर सिंह गोगी, संजय कनौजिया, एससी विभाग अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश सचिव अमेन्द्र बिष्ट, सोनिया आनन्द, प्रशान्त खंडूरी, मनीष गौनियाल, रितेश जोशी, सुशांत बोहरा और मोहन सिंह खत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




