
देहरादून। द पॉली किड्स तुनवला एवं मोहकमपुर ब्रांच के संयुक्त वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला में किया गया। समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से भारत की सांस्कृतिक विविधता और उत्तराखंड की लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश की। कार्यक्रम में लगभग 600 अभिभावक और अतिथि मौजूद रहे।
तुनवला शाखा ने “द रेनबो लैंड – भारत के रंगों का उत्सव” विषय पर प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने शिव तांडव कॉस्मिक पल्स, पंजाब का भांगड़ा, गोवा कार्निवल, रंगीलो राजस्थान, उत्तराखंड के रिदम्स ऑफ द गॉड्स, गुजरात के बाल-जलसा समेत मेनी स्टेट्स, वन स्पिरिट और तरंग-द वेव जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों में विविधता में एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया गया।
वहीं मोहकमपुर शाखा ने “पहाड़नामा – उत्तराखंड की गूंज” की थीम पर देवभूमि की संस्कृति को मंच पर उतारा। बच्चों ने स्वागत गीत, नन्ही मुस्कान इन पहाड़, देवभूमि की फुलारिया, राम्माण फेस्टिवल, आंचल कुमाऊं का, फूल संक्रांति, जंगल की चीख-पेड़ की आत्मकथा, नन्हे भक्त और मां नंदा, आछरी जागर और योद्धा-मार्शल आर्ट्स जैसी प्रस्तुतियों से लोककथा, अध्यात्म और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


समारोह में द पॉली किड्स के अध्यक्ष कैप्टन मुकुल महेंद्रू और संस्थापक निदेशक रंजना महेंद्रू की गरिमामयी उपस्थिति रही। निदेशक वंदना छेत्री, सिद्धार्थ चंदोला, आशीष कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर निदेशक नंदिता सिंह, ऋषभ डोभाल, अकादमिक प्रमुख दिव्या जैन सहित प्रधानाचार्य और शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।



