
वेतन, ईपीएफ और चिकित्सा सुविधाओं की ली जानकारी, अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
ऋषिकेश । राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने गुरुवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर हाउसकीपिंग कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनके अधिकारों, सम्मान तथा सामाजिक-आर्थिक कल्याण की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थान के अधिकारियों से मुलाकात कर सफाई कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार लाने और उनकी समस्याओं का नियमित रूप से संज्ञान लेकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के सशक्तिकरण और उनके कल्याण के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से एम्स में सेवाएं दे रहे हाउसकीपिंग कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों के वेतन, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य रिकॉर्ड से संबंधित मामलों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इससे पूर्व एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह, डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संस्थान पहुंचने पर आयोग के अध्यक्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर डीडीए लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत धमीजा, डीएमएस डॉ. पूजा भदौरिया, डॉ. रवि कुमार, डॉ. ईशांत कुमार, डॉ. अजीत प्रियम, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. श्रीलोय मोहंती तथा एम.जे. सोलंकी कंपनी के स्थानीय प्रबंधक अखिलेश बैलवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



