
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई चर्चा, कैंसर विभाग के रेडिएशन ब्लॉक की प्रगति जानी; गौशाला और लंगर हॉल का भी किया निरीक्षण
देहरादून । उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने गुरुवार को देहरादून स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक तीर्थस्थल श्री झंडा साहिब, श्री दरबार साहिब पहुंचकर झंडे जी के समक्ष माथा टेका। इस दौरान उन्होंने दरबार साहिब के सज्जादानशीन महंत देवेंद्र दास महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुलाकात के दौरान प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान महंत देवेंद्र दास महाराज ने श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और कैंसर उपचार की सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में कैंसर विभाग का रेडिएशन ब्लॉक निर्माण के अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने के बाद कैंसर उपचार विभाग पूरी तरह संचालित हो सकेगा और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस दौरान महंत महाराज ने कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए खान-पान में मिलावट तथा कृषि में यूरिया और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग को गंभीर विषय बताया। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और बेहतर जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल एवं एसजीआरआर संस्थान उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो काम सरकारें शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नहीं कर पा रही हैं, उन कार्यों को ये संस्थान आगे बढ़कर कर रहे हैं। उन्होंने संस्थान की सेवाओं और सामाजिक योगदान की सराहना की।
मुलाकात के बाद धस्माना ने दरबार साहिब परिसर स्थित गौशाला का भ्रमण किया। यहां उन्होंने हाल ही में लाई गई गिर नस्ल की गायों को देखा और गौ-सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने दरबार साहिब के लंगर हॉल का निरीक्षण किया और वहां जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं के लिए संचालित निशुल्क भोजन सेवा को मानवता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर अमित धवन भी उपस्थित रहे।




