
देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराध और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देश लगातार रंग ला रहे हैं। दून पुलिस विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर नशा तस्करों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में ऋषिकेश और पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ऋषिकेश में छह लाख से अधिक की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस टीम योगनगरी रेलवे स्टेशन से आगे ARTO कार्यालय के पास गंगानगर रेलवे अंडरपास जाने वाले कच्चे रास्ते पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर जंगल और रेलवे ट्रैक की तरफ भागने लगा। मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर करीब 30 मीटर अंदर जंगल से उसे दबोच लिया।
तलाशी लेने पर पकड़े गए आरोपी की पहचान खुर्रम पुत्र इनाम, निवासी शेखपुरा कदीम, थाना कोतवाली देहात, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई। उसके कब्जे से 21.91 ग्राम अवैध स्मैक, एक सैममोबाइल फोन और 290 रुपये नकद बरामद किए गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की कीमत छह लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी खुर्रम ने खुलासा किया कि वह सहारनपुर में फेरी लगाने का काम करता है और स्थानीय लोगों को बेचने के उद्देश्य से ही स्मैक लेकर ऋषिकेश आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और स्मैक के स्रोत तथा खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य संपर्कों की गहनता से छानबीन कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकसित पंवार, कांस्टेबल गौरव और कांस्टेबल सोहन सिंह शामिल रहे।

पटेलनगर में बाजार में हुड़दंग और मारपीट करने वाले तीन गिरफ्तार दूसरी घटना कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र की है, जहां पुलिस को सूचना मिली कि पटेलनगर बाजार क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद के बाद जमकर हंगामा हो रहा है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर एक-दूसरे के साथ मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेलनगर से पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और हुड़दंग कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
लेकिन समझाने के बावजूद आरोपी शांत होने की बजाय और अधिक उग्र हो गए और खुलेआम मारपीट पर उतारू रहे। मौके पर बिगड़ते हालात और शांति व्यवस्था के खतरे को भांपते हुए पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए तीनों हुड़दंगियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मौ0 फरमान पुत्र हाजी इकबाल (निवासी विद्याविहार, उम्र 35 वर्ष), अनस पुत्र हाजी इकबाल (निवासी विद्याविहार फेस-03, उम्र 18 वर्ष), और प्रवेश आलम पुत्र बून्दू अहमद (निवासी कुसुम विहार सिंघल मंडी, उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।

दून पुलिस की इस दोतरफा और सख्त कार्रवाई से जहां एक ओर नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों को भी कड़ा संदेश मिला है।




