
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) से गुरुवार को लोक भवन में राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आयुक्त ने राज्यपाल को नगर स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2024-25 का प्रतिवेदन और कॉफी टेबल बुक भेंट की।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने राज्यपाल को बताया कि प्रतिवेदन में नगर निकाय सामान्य निर्वाचन से संबंधित विस्तृत आंकड़े और विश्लेषण शामिल हैं। वहीं कॉफी टेबल बुक में निर्वाचन प्रक्रिया के साथ-साथ जनभागीदारी और चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, विश्वास और प्रतिबद्धता को विशेष रूप से दर्शाया गया है। पुस्तक में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों की तस्वीरों के माध्यम से स्थानीय निकाय चुनाव की व्यापकता और विविधता को प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतिवेदन और कॉफी टेबल बुक की सराहना की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र की आधारभूत प्रक्रिया है और इसमें मतदाताओं के साथ-साथ चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस प्रकार के दस्तावेज चुनावी अनुभवों, आंकड़ों और जनभागीदारी को संरक्षित करने में उपयोगी सिद्ध होते हैं।



