
देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में 23 सितंबर को ग्रेट वैल्यू मॉडर्न स्कूल के परिसर में स्थित एक घर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी दून के निर्देशों पर बनी विशेष टीमों ने मुखबिर की सूचना पर 65 वर्षीय बाबूराम को चोरी का माल और प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
23 सितंबर 2026 की तड़के बरोटीवाला स्थित ग्रेट वैल्यू मॉडर्न स्कूल के परिसर में रह रहे गोपाल सिंह राठौर के घर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर परिवार को बंधक बना लिया था। बदमाशों ने डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट कर करीब 90 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए थे। वारदात के दौरान बदमाशों ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उन्हें “प्रिंसिपल को मारने की सुपारी मिली है।”
पीड़ित गोपाल सिंह ने कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने धारा 305(ए)/331(8) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर कोतवाली विकासनगर में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों की बारीकी से जांच की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद 30 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने विकासनगर पुल नंबर-01 के पास से बाबूराम पुत्र स्व० चरण दास (65 वर्ष) निवासी तोलाराम बस्ती, नवाबगढ़, विकासनगर को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के समय पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 5000 रुपये नगद, ग्रेट वैल्यू मॉडर्न स्कूल की फीस बुक, तीन स्कूल फीस कार्ड और घटना में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल (यूके-16-ए-1458) बरामद की है।

पूछताछ में बाबूराम ने बताया कि उसने घटना से पूर्व स्कूल परिसर में स्थित घर की रैकी की थी और अपने तीन साथियों को पंजाब व देहरादून से बुलाया था। उसके साथियों में दो साले सोनू (लुधियाना) और मदन (नयागांव), तथा भतीजा राजेन्द्र (भटिण्डा, पंजाब) शामिल थे।
योजना के मुताबिक बाबूराम अपनी मोटरसाइकिल से राजेन्द्र और सोनू को बरोटीवाला शिव मंदिर तिराहे तक छोड़ आया था, जहां से दोनों गन्ने के खेत से होते हुए पीड़ित के घर पहुंचे और जाली काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद बाबूराम ने उन्हें हनुमान मंदिर के पास से उठाया और वेदांश चौक पर छोड़ा, जहां से तीनों आरोपी मदन के घर नयागांव चले गए थे।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह ने पछवादून क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस टीमों द्वारा अन्य तीन फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।
इस ऑपरेशन में निरीक्षक राजीव रौथाण (प्रभारी कोतवाली विकासनगर) के नेतृत्व में व0उ0नि0 शिशुपाल सिंह राणा, उ0नि0 चन्द्र शेखर नौटियाल, उ0नि0 सूरज कण्डारी (चौकी प्रभारी कुल्हाल), उ0नि0 सनोज कुमार, का0 मनोज भारती, का0 नरेश पन्त, का0 नवीन कोहली, का0 नितिन कुमार और का0 पवन बिष्ट शामिल रहे।



