
देहरादून। नवरात्रि पर्व के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए देहरादून पुलिस ने 11 से 19 अक्टूबर तक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी और रूट प्लान जारी किया है। इस दौरान पल्टन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपलमंडी क्षेत्र को पूर्णतः जीरो जोन घोषित किया गया है, जहां केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति रहेगी।
पुलिस के अनुसार, पल्टन बाजार में लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कोई भी लोडिंग वाहन प्रातः 10 बजे से रात 9 बजे तक बाजार क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेगा। व्यापारियों के वाहन केवल टोकन के माध्यम से ही बाजार में प्रवेश कर पाएंगे। लोडिंग वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था के तहत केवल राजा रोड से पीपलमंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर जाने की सुविधा रहेगी।
अलग-अलग मार्गों के लिए निर्धारित पार्किंग
सहस्त्रधारा, रायपुर रोड, राजपुर रोड, सुभाष रोड और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहनों हेतु काबुल हाऊस (नियर सर्वे चौक), मंगला देवी इंटर कॉलेज परिसर, मल्टीस्टोरेज पार्किंग कनक चौक तथा एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट क्षेत्र से आने वाले वाहन जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल अथवा बुद्धा चौक स्थित रेंजर्स ग्राउंड में पार्क कर सकेंगे। ईसी रोड, ऋषिपर्णा पुल, धर्मपुर, जोगीवाला, नेहरू कॉलोनी और छह नंबर पुलिया क्षेत्र से आने वालों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, तहसील चौक के सामने का खाली मैदान तथा राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक निर्धारित किए गए हैं।
सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर और पथरीबाग क्षेत्र से आने वाले वाहनों हेतु पुराना बस अड्डा (नियर द्रोण होटल), पुलिस कार्यालय (नियर दून अस्पताल) तथा नगर निगम कार्यालय परिसर में पार्किंग उपलब्ध रहेगी। पल्टन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल के पास पार्किंग की गई है।
इसके अलावा धर्मपुर बाजार आने वाले रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी के लिए जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर लिंक रोड पर, प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड में तथा रायपुर शिवमंदिर बाजार के लिए मालदेवता रोड पर वाहन पार्क करने को कहा गया है।
विक्रम और सिटी बसों के बदले रूट
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विक्रम, मैजिक और ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित रूट पर ही चलने के निर्देश दिए गए हैं। राजपुर रोड से आने वाले नंबर-1 विक्रम ओरिएंट चौक की ओर नहीं जाएंगे, बल्कि ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहे, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस राजपुर की ओर भेजे जाएंगे।
रायपुर रोड से आने वाले नंबर-2 विक्रम सर्वे चौक पर ही यात्रियों को उतारकर वापस रायपुर की ओर जाएंगे। ऋषिपर्णा से आने वाले नंबर-3 विक्रम रिचीरिच तिराहे से आईजी कट, दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए वापस ऋषिपर्णा की ओर जाएंगे। नंबर 5 और 8 विक्रम तहसील चौक तक ही आ सकेंगे।
राजपुर रोड जाने वाली सिटी बस का नया ड्रॉप और पिकअप पॉइंट ओरिएंट चौक रहेगा, जबकि डोईवाला-सहस्त्रधारा जाने वाली सिटी बस का ड्रॉप और पिकअप पॉइंट रेंजर्स ग्राउंड निर्धारित किया गया है।
दबाव बढ़ने पर यातायात डायवर्ट होगा
सर्वे चौक पर भीड़ बढ़ने पर रायपुर से आने वाले यातायात को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। घंटाघर पर दबाव बढ़ने पर राजपुर रोड से आने वाले वाहन ओरिएंट चौक से कनक चौक की ओर तथा दर्शनलाल से आने वाले वाहन लैंसडाउन चौक की ओर मोड़े जाएंगे।
धर्मपुर चौक पर भीड़ की स्थिति में माता मंदिर रोड से आने वाले यातायात को रेसकोर्स की ओर तथा नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फब्बारा चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कड़ी निगरानी, 1500 रुपये तक जुर्माना
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए एक पुलिस उपाधीक्षक, पांच यातायात निरीक्षक, 15 उपनिरीक्षक, 60 कांस्टेबल, 50 रिक्रूट आरक्षी, सात सीपीयू/हाक मोबाइल तथा छह टोइंग क्रेन तैनात किए गए हैं। थाना स्तर से भी पर्याप्त पुलिस बल ट्रैफिक ड्यूटी में लगाया गया है।
नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर वाहन को ट्रैफिक क्रेन से टो किया जाएगा, जिस पर 1500 रुपये का जुर्माना लगेगा। 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और नौ एसवीडीएस कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा नियम तोड़ने वालों का ऑनलाइन चालान किया जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करें, अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट और दोपहिया वाहनों का उपयोग करें तथा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालक अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खुली रखें। एम्बुलेंस, पुलिस और फायर सेवा के वाहनों को किसी भी स्थिति में रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा।
यातायात संबंधी जानकारी या सहयोग हेतु देहरादून यातायात पुलिस से नंबर 7579278154 तथा 8958998827 पर संपर्क किया जा सकता है।



