
अलकनंदा और मंदाकिनी समेत सभी नदियां चेतावनी स्तर से नीचे, एक ग्रामीण मार्ग अवरुद्ध
रुद्रप्रयाग। जनपद में गुरुवार सुबह मौसम में बदलाव देखने को मिला। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो रही है, जबकि केदारनाथ धाम में बर्फबारी दर्ज की गई है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से 29 अक्टूबर को सुबह 8:20 बजे जारी मौसम एवं आपदा संबंधी बुलेटिन के अनुसार जिले में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
तहसीलवार वर्षा के आंकड़ों के अनुसार रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ और जखोली में वर्षा दर्ज नहीं की गई है। वहीं, नदियों के जलस्तर की स्थिति सामान्य बनी हुई है। सुबह 8 बजे अलकनंदा नदी का जलस्तर 622.18 मीटर और मंदाकिनी नदी का जलस्तर 622.16 मीटर दर्ज किया गया। दोनों नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है। इसी तरह गंगानगर में नदी का जलस्तर 798.98 मीटर और गौरीकुंड में 1973.72 मीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित चेतावनी स्तर से कम है।
सड़क मार्गों की स्थिति की बात करें तो राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), राज्य राजमार्ग (एसएच), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) और एनपीसीसी के अंतर्गत आने वाले मार्गों पर कोई अवरोध नहीं है, जबकि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का एक मार्ग अवरुद्ध बताया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्कता और तैयारियों का उच्चतम स्तर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी दैवीय आपदा, दुर्घटना, मार्ग अवरुद्ध होने अथवा अन्य क्षति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दें। इसके लिए मोबाइल नंबर 8958757335, 8218326386 और दूरभाष नंबर 01364-233727 जारी किए गए हैं।



