
देहरादून। कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने संस्कृति लोक कॉलोनी स्थित एक किराये के कमरे में संचालित अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश करते हुए महिला सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री तथा देह व्यापार से कमाए गए 3,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों में संलिप्त अभियुक्तों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 23 अक्टूबर को कोतवाली पटेलनगर को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि संस्कृति लोक कॉलोनी, लेन नंबर-01 स्थित एक मकान में किराये पर कमरा लेकर अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने उक्त मकान पर औचक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मकान के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां तथा 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने देह व्यापार का धंधा संचालित करने वाली महिला सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मुख्य अभियुक्ता अजमीरा उक्त मकान को किराए पर लेकर बाहरी जनपदों एवं राज्यों से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का धंधा चला रही थी। आरोप है कि वह फोन एवं व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी और उन्हें युवतियों की फोटो भेजती थी। ग्राहकों की मांग के अनुसार महिलाओं को अपने किराये के कमरे में बुलाकर अनैतिक देह व्यापार कराया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्तों में अजमीरा (42), शेख अजीजल (30), रजनी (25) तथा अन्नू (23) शामिल हैं। पुलिस टीम में निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा, कांस्टेबल पंकज एवं महिला कांस्टेबल किरण सम्मिलित थीं।



