
डुंडा /उत्तरकाशी। शासन के निर्देश पर जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड परिसर डुंडा में शनिवार को बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार और मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जनपद के विकासखंडों में 06 बहुउद्देशीय शिविर लगाए जा रहे हैं। डुंडा में आयोजित शिविर में 780 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 318 लोगों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 18 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 14 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। स्कूली छात्रों और सूचना विभाग में पंजीकृत राम कौशल सांस्कृतिक दल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार किया।

शिविर में एनआरएलएम के तहत धनेश्वर सहकारिता को 9 लाख, रेणुका, प्रगति और थाती माता उत्पादक समूह को 75-75 हजार रुपये के चेक दिए गए। रीप परियोजना के तहत बकरी पालन के लिए रेखा देवी और कैलाशी देवी को 30-30 हजार, बागवानी के लिए रीना को 90 हजार और सब्जी उत्पादन के लिए राजकुमारी को 30 हजार रुपये की सहायता दी गई। ग्रामोत्थान रीप के तहत पीतांबरी देवी को मशरूम उत्पादन के लिए 90 हजार रुपये दिए गए।
उद्यान विभाग ने एप्पल मिशन के तहत गणेश प्रसाद और विजय को 6.33 लाख और सुग्रीव सिंह को 1.66 लाख रुपये के चेक वितरित किए। जलागम विभाग द्वारा रेशमा परमार, सीमा देवी, रोशन लाल को 35-35 हजार और तीन निर्बल वर्ग समूहों को 1.20-1.20 लाख रुपये के चेक दिए गए। महिला बाल विकास विभाग ने चार नवजात शिशुओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की।

स्वास्थ्य विभाग ने 86 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर 6 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए और निशुल्क दवाएं वितरित कीं। आयुर्वेद विभाग ने 93 लोगों की जांच की। पंचायतीराज विभाग ने 25 परिवार रजिस्टर, 12 संशोधन, 9 जन्म-मृत्यु और 5 विवाह प्रमाण पत्र जारी किए। श्रम विभाग को 50 आवेदन मिले, 10 नवीनीकरण और 10 बच्चों के नाम जोड़े गए। कृषि, विद्युत, पशुपालन, मत्स्य, समाज कल्याण सहित सभी विभागों ने सैकड़ों लोगों को योजनाओं की जानकारी दी और आवेदन लिए।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख अब्बल सिंह, मंडल अध्यक्ष रजनेश चौहान, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, सीएओ एसएस वर्मा, डीएसडब्ल्यूओ कुलदीप पंवार, बीडीओ दिनेश जोशी सहित जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



